कैथल। पीओ/बेल जंपरों की धरपकड़ के लिए एसपी मनप्रीत सिंह सूदन के निर्देशानुसार चलाए जा रहे अभियान के तहत पीओ पकड़ो स्टाफ ने वर्ष 2015 के धोखाधड़ी मामले में एक भगोड़े आरोपी को गिरफ्तार किया है। आरोपी की पहचान अशोक पुत्र जयपाल निवासी गांव सच्चा खेड़ा, जिला जींद के रूप में हुई है।

पुलिस प्रवक्ता ने बताया कि पीओ पकड़ो स्टाफ प्रभारी एसआई ओमप्रकाश की अगुवाई में एएसआई राजकुमार की टीम ने आरोपी अशोक को गिरफ्तार किया। आरोपी के खिलाफ वर्ष 2015 में थाना राजौंद में धोखाधड़ी का मामला दर्ज किया गया था।

पुलिस के अनुसार आरोपी ने उक्त मामले में न्यायालय से जमानत हासिल की थी, लेकिन इसके बाद वह अदालत में पेश नहीं हुआ। लगातार गैरहाजिर रहने के कारण न्यायालय ने 15 दिसंबर 2025 को उसे भगोड़ा घोषित कर दिया था। इसके बाद से पुलिस उसकी तलाश कर रही थी।

पुलिस जांच में यह भी सामने आया है कि आरोपी अशोक के खिलाफ जींद, कैथल और कुरुक्षेत्र जिलों में करीब 13 मामले दर्ज हैं। इनमें कातिलाना हमला, धोखाधड़ी, डकैती, आर्म्स एक्ट, ट्रांसफार्मर चोरी और स्नेचिंग सहित अन्य मामले शामिल हैं।

गिरफ्तार आरोपी को न्यायालय के समक्ष पेश किया गया, जहां से न्यायालय के आदेशानुसार उसे न्यायिक हिरासत में भेज दिया गया है। पुलिस द्वारा आरोपी से जुड़े अन्य मामलों की भी जानकारी जुटाई जा रही है।

Follow the LALLURAM.COM MP channel on WhatsApp
https://whatsapp.com/channel/0029Va6fzuULSmbeNxuA9j0m