कैथल। जिले के गांव खरक पांडवा में जम्मू-कटरा हाईवे पर खड़े खराब ट्रक को पीछे से आ रहे तेज रफ्तार ट्रक ने टक्कर मार दी। हादसे में तीन लोगों की मौत हो गई। मृतकों में जींद के उचाना निवासी ट्रक मालिक अनिल कुमार, खरक पांडवा निवासी ट्रक मैकेनिक रामनिवास और पीछे से टक्कर मारने वाले ट्रक का ड्राइवर शामिल है। हादसे में मैकेनिक का हेल्पर भी गंभीर रूप से घायल हुआ है।

हादसे की सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची। पुलिस ने तीनों मृतकों के शव पोस्टमॉर्टम के लिए नागरिक अस्पताल पहुंचाए। अस्पताल में डॉक्टरों ने भी तीनों को मृत घोषित कर दिया।

केले से भरे ट्रक में मिला डोडापोस्त

पुलिस के मुताबिक, पीछे से आ रहे ट्रक में कच्चे केले भरे हुए थे। इसी ट्रक में करीब 40 कट्टों में 8 क्विंटल डोडापोस्त छिपाकर रखा गया था।

पुलिस ने नशीले पदार्थ को कब्जे में ले लिया है। अब यह पता लगाने की कोशिश की जा रही है कि डोडापोस्त कहां से लाया गया था और इसे कहां ले जाया जा रहा था।

ट्रक में खराबी आने पर मैकेनिक को बुलाया

ट्रक मालिक अनिल कुमार के चाचा कुलदीप ने बताया कि अनिल दिल्ली से ट्रक लेकर आ रहा था। रास्ते में ट्रक में तकनीकी दिक्कत आ गई।

इसके बाद अनिल ने गांव खरक पांडवा के पास हाईवे के किनारे ट्रक खड़ा कर दिया। उसने गांव के मैकेनिक रामनिवास को फोन कर ट्रक ठीक करने के लिए मौके पर बुलाया।

रामनिवास अपने हेल्पर के साथ वहां पहुंचा और ट्रक की मरम्मत करने लगा। इसी दौरान पीछे से तेज रफ्तार ट्रक आया और खड़े ट्रक में टक्कर मार दी।

मैकेनिक के हेल्पर की हालत गंभीर

टक्कर इतनी तेज थी कि मौके पर मौजूद तीन लोगों की मौत हो गई। हादसे में मैकेनिक के हेल्पर को भी चोटें आई हैं। उसकी हालत गंभीर बताई गई है और अस्पताल में उसका इलाज चल रहा है।

पुलिस कर रही मामले की जांच

कलायत थाना के जांच अधिकारी विक्रम सिंह ने बताया कि घटना की सूचना मिलते ही पुलिस टीम मौके पर पहुंच गई थी। तीनों मृतकों के शव पोस्टमॉर्टम के लिए नागरिक अस्पताल भेजे गए।

पुलिस ने ट्रक से बरामद नशीले पदार्थ को भी कब्जे में लिया है। फिलहाल हादसे और डोडापोस्त से जुड़े मामले की जांच की जा रही है। जांच के आधार पर आगामी कार्रवाई की जाएगी।

Follow the LALLURAM.COM MP channel on WhatsApp
https://whatsapp.com/channel/0029Va6fzuULSmbeNxuA9j0m