कृष्ण कुमार सैनी, चंडीगढ़: कैथल में वरिष्ठ पत्रकार वीरेंद्र पुरी के साथ कथित तौर पर गिरेबान पकड़ने और धक्का-मुक्की किए जाने की घटना ने राजनीतिक तूल पकड़ लिया है। मामले को लेकर हरियाणा कांग्रेस ने भाजपा पर तीखा हमला बोला है। कांग्रेस प्रदेशाध्यक्ष राव नरेंद्र सिंह ने इसे लोकतंत्र के चौथे स्तंभ के साथ गंभीर दुर्व्यवहार बताते हुए भाजपा प्रदेशाध्यक्ष डॉ. अर्चना गुप्ता और उनकी सरकार को घेरा है।
राव नरेंद्र सिंह ने कहा कि कैथल में वरिष्ठ पत्रकार के साथ हुई बदसलूकी को किसी भी स्थिति में सामान्य घटना नहीं माना जा सकता। उन्होंने आरोप लगाया कि पत्रकारों के सवालों और जवाबदेही से बचने के लिए सत्ता का प्रभाव इस्तेमाल किया जा रहा है।
‘पत्रकार का गिरेबान पकड़ना लोकतंत्र पर हमला’
कांग्रेस प्रदेशाध्यक्ष ने कहा कि पत्रकार सवाल पूछता है और सत्ता से जवाब मांगना उसका लोकतांत्रिक अधिकार है। ऐसे में किसी पत्रकार का गिरेबान पकड़ना और उसके साथ धक्का-मुक्की करना केवल एक व्यक्ति के साथ दुर्व्यवहार नहीं, बल्कि लोकतंत्र के चौथे स्तंभ को दबाने का प्रयास है।
उन्होंने आरोप लगाया कि भाजपा लोकतांत्रिक संस्थाओं और मीडिया को स्वतंत्र रूप से काम करने देने के बजाय उन्हें अपने प्रभाव में रखना चाहती है। राव नरेंद्र सिंह ने कहा कि सवालों का जवाब तर्क और तथ्यों से दिया जाना चाहिए, न कि कथित तौर पर दबाव और बदसलूकी से।
‘महज खेद जताने से काम नहीं चलेगा’
राव नरेंद्र सिंह ने भाजपा प्रदेशाध्यक्ष डॉ. अर्चना गुप्ता के स्तर से महज ‘खेद’ जताए जाने पर भी सवाल उठाए। उन्होंने कहा कि यदि घटना के दौरान भाजपा प्रदेशाध्यक्ष के सामने ही उनके सुरक्षा कर्मी पर पत्रकार के साथ बदसलूकी के आरोप लगे हैं, तो मामले की गंभीरता को देखते हुए केवल औपचारिक खेद पर्याप्त नहीं है।
उन्होंने मांग की कि संबंधित PSO के खिलाफ तत्काल कड़ी कार्रवाई की जाए। कांग्रेस प्रदेशाध्यक्ष ने कहा कि यदि आरोप सही हैं तो संबंधित सुरक्षाकर्मी को बर्खास्त करने के साथ उसके खिलाफ कानूनी कार्रवाई भी होनी चाहिए।
‘सत्ता के नशे में बेलगाम तंत्र को शह नहीं मिलनी चाहिए’
कांग्रेस नेता ने कहा कि किसी भी राजनीतिक दल या सरकार को यह अधिकार नहीं है कि वह पत्रकारों को उनके सवाल पूछने से रोके। उन्होंने आरोप लगाया कि यदि सत्ता के सामने पत्रकारों के साथ इस तरह का व्यवहार होने लगे तो यह लोकतांत्रिक व्यवस्था के लिए गंभीर चिंता का विषय है।
राव नरेंद्र सिंह ने भाजपा प्रदेशाध्यक्ष से सवाल करते हुए कहा कि क्या पत्रकार के साथ कथित बदसलूकी करने वाले सुरक्षाकर्मी के खिलाफ कार्रवाई होगी या मामला केवल खेद व्यक्त करने तक सीमित रहेगा।
कांग्रेस बोली- पत्रकारों के स्वाभिमान से समझौता नहीं
कांग्रेस प्रदेशाध्यक्ष ने स्पष्ट किया कि पार्टी पत्रकारों के सम्मान और सुरक्षा के मुद्दे पर उनके साथ खड़ी है। उन्होंने कहा कि पत्रकार लोकतंत्र के प्रहरी हैं और उनके साथ किसी भी तरह की बदसलूकी स्वीकार नहीं की जा सकती।
उन्होंने कहा कि कांग्रेस पत्रकारों के स्वाभिमान और उनके स्वतंत्र रूप से काम करने के अधिकार के लिए आवाज उठाती रहेगी। कैथल की घटना को लेकर कांग्रेस ने सरकार से निष्पक्ष जांच और जिम्मेदार व्यक्ति के खिलाफ प्रभावी कार्रवाई की मांग की है।
वहीं, इस पूरे मामले में भाजपा की ओर से घटना और लगाए गए आरोपों पर विस्तृत प्रतिक्रिया सामने आने के बाद ही तस्वीर पूरी तरह स्पष्ट हो सकेगी। कांग्रेस ने फिलहाल इस घटना को लेकर सरकार पर राजनीतिक और नैतिक दोनों मोर्चों पर सवाल खड़े कर दिए हैं।
Follow the LALLURAM.COM MP channel on WhatsApp
https://whatsapp.com/channel/0029Va6fzuULSmbeNxuA9j0m


