राकेश कथूरिया कैथल. सावन माह में कांवड़ यात्रा के दौरान श्रद्धालुओं की सुरक्षा, कानून-व्यवस्था बनाए रखने तथा यातायात को सुचारु रखने के उद्देश्य से जिला पुलिस कैथल ने व्यापक सुरक्षा एवं प्रबंधन संबंधी तैयारियां पूरी कर ली हैं।
पुलिस अधीक्षक मनप्रीत सिंह सूदन के निर्देशानुसार जिलेभर में विशेष सुरक्षा प्रबंध लागू किए गए हैं ताकि कांवड़ यात्रियों को यात्रा के दौरान किसी भी प्रकार की असुविधा का सामना न करना पड़े तथा वे सुरक्षित एवं शांतिपूर्ण वातावरण में अपनी धार्मिक यात्रा पूर्ण कर सकें।
श्रद्धालुओं की सहायता एवं त्वरित पुलिस सहयोग उपलब्ध कराने के लिए जिला पुलिस द्वारा एक विशेष पुलिस कंट्रोल रूम स्थापित किया गया है। यात्रा के दौरान किसी भी प्रकार की समस्या, सूचना अथवा सहायता की आवश्यकता होने पर श्रद्धालु कंट्रोल रूम के हेल्पलाइन नंबर 74969-88595 पर संपर्क कर सकते हैं। किसी भी आपात स्थिति में तुरंत डायल-112 पर सूचना देकर पुलिस सहायता प्राप्त की जा सकती है। पुलिस द्वारा प्राप्त प्रत्येक सूचना पर त्वरित कार्रवाई सुनिश्चित की जाएगी।
इस संबंध में जानकारी देते हुए डीएसपी बीर भान ने बताया कि पुलिस अधीक्षक मनप्रीत सिंह सूदन ने जिले के सभी थाना प्रभारियों, चौकी प्रभारियों एवं संबंधित अधिकारियों को कांवड़ यात्रा के दौरान सुरक्षा व्यवस्था, कानून-व्यवस्था बनाए रखने तथा यातायात संचालन को सुचारु रखने के स्पष्ट निर्देश दिए हैं। सभी अधिकारियों को संवेदनशील स्थानों पर विशेष निगरानी रखने, भीड़भाड़ वाले क्षेत्रों में अतिरिक्त सतर्कता बरतने तथा श्रद्धालुओं को हरसंभव सहायता उपलब्ध कराने के आदेश जारी किए गए हैं।
श्रद्धालुओं से विशेष अपीलः
डीएसपी बीर भान ने कांवड़ यात्रियों से अपील करते हुए कहा कि सभी श्रद्धालु यातायात नियमों का पालन करें तथा सड़क के बायीं ओर निर्धारित स्थान पर ही चलें। समूह में यात्रा करने वाले श्रद्धालु अनावश्यक रूप से पूरी सड़क घेरकर न चलें, जिससे अन्य वाहन चालकों को भी किसी प्रकार की परेशानी न हो। रात्रि के समय यात्रा करने वाले श्रद्धालु रिफ्लेक्टिव जैकेट अथवा चमकीले कपड़ों का प्रयोग करें ताकि दूर से उनकी पहचान आसानी से हो सके। किसी भी प्रकार की अफवाह पर विश्वास न करें और किसी संदिग्ध व्यक्ति अथवा वस्तु दिखाई देने पर तुरंत पुलिस को सूचना दें।
कांवड़ शिविर लगाने वाले आयोजकों के लिए आवश्यक दिशा-निर्देश
डीएसपी ने शिविर संचालकों से अपील करते हुए कहा कि सभी कांवड़ शिविर निर्धारित नियमों के अनुसार ही लगाए जाएं। शिविर का पंडाल सड़क से कम से कम 10 फुट अंदर लगाया जाए तथा सड़क दुर्घटनाओं की संभावना को कम करने के लिए शिविर आने की दिशा के बायीं ओर ही स्थापित किया जाए। शिविरों के बाहर किसी भी प्रकार का अतिक्रमण न किया जाए जिससे यातायात बाधित हो।
उन्होंने बताया कि कांवड़ यात्रा के दौरान जिले में 4 प्रमुख पुलिस नाके स्थापित किए गए हैं, जहां पुलिस कर्मियों की चौबीसों घंटे ड्यूटी रहेगी। इसके अतिरिक्त 17 पुलिस राइडर लगातार गश्त करेंगे तथा 7 पेट्रोलिंग पार्टियां निर्धारित मार्गों पर सक्रिय रहकर सुरक्षा व्यवस्था का निरीक्षण करेंगी। प्रमुख मार्गों, धार्मिक स्थलों तथा कांवड़ यात्रा के रूटों पर पुलिस की विशेष निगरानी रहेगी। यातायात को सुचारु बनाए रखने के लिए आवश्यकतानुसार कुछ स्थानों पर ट्रैफिक रूट डायवर्ट किए गए हैं तथा यातायात पुलिस को भी अतिरिक्त जिम्मेदारियां सौंपी गई हैं।
सुरक्षित एवं शांतिपूर्ण यात्रा के लिए पुलिस प्रतिबद्ध:-
एसपी मनप्रीत सिंह सूदन ने कहा कि कैथल पुलिस का उद्देश्य प्रत्येक श्रद्धालु को सुरक्षित, व्यवस्थित एवं सुगम वातावरण उपलब्ध कराना है। पुलिस प्रशासन आमजन, शिविर संचालकों और श्रद्धालुओं से सहयोग की अपेक्षा करता है ताकि कांवड़ यात्रा शांतिपूर्ण एवं सफलतापूर्वक संपन्न हो सके। उन्होंने सभी नागरिकों से यातायात नियमों का पालन करने, पुलिस द्वारा जारी दिशा-निर्देशों का अनुपालन करने तथा किसी भी प्रकार की समस्या या आपात स्थिति में तुरंत पुलिस से संपर्क करने की अपील की।
- पोस्टमार्टम रूम में शव पर रेंगती मिलीं चीटियां: डॉक्टर के इंतजार में 10 घंटे तक जमीन पर पड़ा रहा, परिजनों का हंगामा
- पैसे दो, नंबर बढ़वा देंगे… अगर ऐसा कॉल आए तो हो जाएं सावधान! UP Board ने जारी किया अलर्ट
- कांवड़ यात्रा को लेकर कैथल पुलिस हाई अलर्ट, श्रद्धालुओं की सुरक्षा के लिए कंट्रोल रूम और कड़े सुरक्षा इंतजाम
- ठप पड़े राजस्व के काम! जबलपुर में पटवारी अनिश्चितकालीन हड़ताल पर, जानिए क्या हैं प्रमुख मांगें
- ‘न्याय की उम्मीद थी, निराशा मिली’; बृजभूषण के बरी होने पर पहलवानों में नाराजगी


