153 मामलों में कार्रवाई, भारी मात्रा में नशीला पदार्थ जब्त; जिले के 254 गांव नशा मुक्त श्रेणी में
कैथल। नशे के खिलाफ कैथल पुलिस द्वारा चलाए जा रहे विशेष अभियान के सकारात्मक परिणाम सामने आ रहे हैं। पुलिस अधीक्षक मनप्रीत सिंह सूदन के नेतृत्व में पुलिस एक ओर जहां जिले के लोगों, खासकर युवाओं को नशे के दुष्परिणामों के प्रति जागरूक कर रही है, वहीं दूसरी ओर नशा तस्करों के खिलाफ लगातार सख्त कार्रवाई की जा रही है। पुलिस का उद्देश्य जिला वासियों के सहयोग से कैथल को पूरी तरह नशा मुक्त बनाना है।
पुलिस के अनुसार वर्ष 2026 में अब तक आठ महीनों के दौरान नशे से जुड़े 153 मामलों में 235 आरोपियों को गिरफ्तार किया गया है। इस दौरान पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से भारी मात्रा में विभिन्न प्रकार के नशीले पदार्थ भी बरामद किए हैं। पुलिस का कहना है कि नशे की सप्लाई चेन को तोड़ने के लिए तस्करों के खिलाफ कार्रवाई लगातार जारी है।
254 गांव नशा मुक्त श्रेणी में दर्ज
कैथल पुलिस के नशा विरोधी अभियान में ग्रामीणों और ग्राम पंचायतों की भागीदारी को भी महत्वपूर्ण माना जा रहा है। पुलिस के अनुसार जिले के 254 गांव नशा मुक्त श्रेणी में दर्ज हो चुके हैं। इन गांवों में पुलिस की निगरानी लगातार जारी है, ताकि नशे की बिक्री और सप्लाई को दोबारा पैर पसारने का मौका न मिले।
पुलिस द्वारा ग्रामीणों और आमजन को नशे के खिलाफ जागरूक किया जा रहा है। युवाओं को नशे से दूर रहने तथा अपने आसपास नशीले पदार्थों की बिक्री या सप्लाई की जानकारी मिलने पर पुलिस को सूचना देने के लिए प्रेरित किया जा रहा है।
5 तस्करों की 85 लाख की संपत्ति फ्रीज
नशा तस्करों पर केवल गिरफ्तारी तक कार्रवाई सीमित नहीं है। पुलिस द्वारा नशे के कारोबार से अर्जित संपत्ति के खिलाफ भी कार्रवाई की जा रही है। पुलिस के अनुसार अब तक 5 नशा तस्करों की करीब 85 लाख रुपये की संपत्ति फ्रीज की गई है।
इसके अलावा नशे के कारोबार से जुड़े आरोपियों के खिलाफ कार्रवाई करते हुए 3 मकान गिराए गए हैं, जबकि एक आरोपी को जेल में डिटेन किया गया है। पुलिस की इस कार्रवाई का उद्देश्य नशे के कारोबार से जुड़े लोगों पर आर्थिक और कानूनी रूप से प्रभावी शिकंजा कसना है।
जागरूकता के साथ तस्करों पर कार्रवाई
एसपी मनप्रीत सिंह सूदन ने कहा कि कैथल को नशा मुक्त बनाने के लिए पुलिस के साथ-साथ आमजन, ग्रामीणों और ग्राम पंचायतों की भूमिका भी बेहद महत्वपूर्ण है। उन्होंने कहा कि केवल पुलिस कार्रवाई से नशे की समस्या का पूरी तरह समाधान संभव नहीं है। इसके लिए समाज के हर वर्ग को मिलकर काम करना होगा।
कैथल पुलिस द्वारा एक तरफ नशे के खिलाफ जागरूकता अभियान चलाया जा रहा है, वहीं दूसरी तरफ नशा तस्करों की पहचान कर उनके खिलाफ कानूनी कार्रवाई की जा रही है। पुलिस का कहना है कि आने वाले समय में भी यह अभियान लगातार जारी रहेगा और नशे की बिक्री व सप्लाई करने वालों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी।
Follow the LALLURAM.COM MP channel on WhatsApp
https://whatsapp.com/channel/0029Va6fzuULSmbeNxuA9j0m



