राकेश कथूरिया, कैथल। कानून व्यवस्था को मजबूत करने और आमजन में सुरक्षा की भावना बढ़ाने के उद्देश्य से पुलिस अधीक्षक मनप्रीत सिंह सूदन के आदेश पर मंगलवार शाम कैथल के थाना शहर, थाना तितरम और थाना सदर क्षेत्रों में विशेष पैदल गश्त की गई। पुलिस टीमों ने प्रमुख स्थानों और गांवों में पैदल पेट्रोलिंग कर सुरक्षा व्यवस्था का जायजा लिया।
पुलिस प्रवक्ता प्रवीन श्योकंद ने बताया कि थाना शहर एसएचओ इंस्पेक्टर गीता के नेतृत्व में पुलिस टीम ने कैथल शहर में पैदल गश्त की। वहीं थाना तितरम एसएचओ इंस्पेक्टर रमेश कुमार की टीम ने तितरम क्षेत्र और थाना सदर एसएचओ एसआई कुलदीप के नेतृत्व में पुलिस टीम ने गांव पाडला व जगदीशपुरा में फुट पेट्रोलिंग की।
पुलिस की मौजूदगी से बढ़ा सुरक्षा का भरोसा
पुलिस के अनुसार, पैदल गश्त का उद्देश्य क्षेत्र में कानून व्यवस्था बनाए रखने के साथ आमजन में सुरक्षा का विश्वास मजबूत करना था। पुलिस टीमों की सक्रिय मौजूदगी से असामाजिक गतिविधियों में शामिल लोगों में भी भय का माहौल बना।
गश्त के दौरान पुलिस ने होटल और ढाबा संचालकों को किसी भी प्रकार के नशीले पदार्थ की बिक्री या अवैध गतिविधि को बढ़ावा नहीं देने की चेतावनी दी। पुलिस ने स्पष्ट किया कि नशीले पदार्थों के अवैध कारोबार में संलिप्त पाए जाने वालों के खिलाफ सख्त कानूनी कार्रवाई की जाएगी।
ट्रैफिक नियमों और नशे के खिलाफ किया जागरूक
पैदल गश्त के दौरान पुलिस कर्मचारियों ने आम नागरिकों को यातायात नियमों का पालन करने के लिए भी जागरूक किया। लोगों को नशे के दुष्परिणामों के बारे में जानकारी देते हुए इससे दूर रहने की अपील की गई।
पुलिस ने युवाओं से विशेष रूप से नशे से बचने और स्वस्थ जीवनशैली अपनाने का आह्वान किया। साथ ही नागरिकों से अपील की गई कि वे अपने आसपास नशे की गतिविधियों को बढ़ावा न दें और ऐसी किसी भी गतिविधि की जानकारी तुरंत पुलिस को दें।
अवैध गतिविधियों की सूचना देने की अपील
पुलिस ने आमजन से सहयोग की अपील करते हुए कहा कि क्षेत्र में किसी भी प्रकार की अवैध गतिविधि की जानकारी मिलने पर तत्काल पुलिस को सूचित करें, ताकि समय रहते कार्रवाई की जा सके।
कैथल पुलिस के अनुसार, जिले में शांति, सुरक्षा और कानून व्यवस्था बनाए रखने के लिए इस तरह की पैदल गश्त और निगरानी आगे भी जारी रहेगी।
Follow the LALLURAM.COM MP channel on WhatsApp
https://whatsapp.com/channel/0029Va6fzuULSmbeNxuA9j0m


