राकेश कथूरिया, कैथल। जिला पुलिस ने जुलाई माह के दौरान अपराधियों और नशा तस्करों के खिलाफ व्यापक अभियान चलाते हुए उल्लेखनीय सफलता हासिल की है। पुलिस ने शराब व मादक पदार्थ तस्करी, चोरी, लूट, सेंधमारी, अवैध असला रखने सहित विभिन्न मामलों में कुल 106 केस दर्ज कर 126 आरोपियों को गिरफ्तार किया है।
एसपी मनप्रीत सिंह सूदन के नेतृत्व में जिला पुलिस ने कानून व्यवस्था बनाए रखने के साथ-साथ नागरिकों को नशे के दुष्परिणाम और साइबर अपराध के प्रति जागरूक करने का अभियान भी लगातार चलाया। पुलिस प्रवक्ता ने बताया कि जुलाई माह के दौरान विशेष रूप से नशा तस्करों के खिलाफ अभियान चलाते हुए 24 मामले दर्ज कर 35 आरोपियों को गिरफ्तार किया गया।
गिरफ्तार आरोपियों के कब्जे से 1940 किलो 750 ग्राम डोडा पोस्त, 3 किलो 540 ग्राम चूरा पोस्त, 8 किलो 978 ग्राम गांजा, 125 ग्राम अफीम, 254 ग्राम चरस, 416.664 ग्राम हेरोइन, 188 नशीली गोलियां तथा नशीली गोलियों का 924 ग्राम घोल बरामद किया गया। पुलिस के अनुसार बरामद नशीले पदार्थों की कीमत करोड़ों रुपये आंकी गई है।
इसी तरह शराब तस्करों के खिलाफ भी सख्त कार्रवाई करते हुए 46 मामलों में 45 आरोपियों को गिरफ्तार किया गया। उनके कब्जे से 422 बोतल देशी शराब, 309 बोतल हथकढ़ी शराब, 239 बोतल अंग्रेजी शराब तथा करीब 1650 लीटर लाहण बरामद किया गया।
पुलिस ने संपत्ति संबंधी अपराधों पर भी प्रभावी कार्रवाई की। 16 मामलों में 18 आरोपियों को गिरफ्तार कर उनके कब्जे से 16 लाख 46 हजार 200 रुपये मूल्य की चोरीशुदा जनसंपत्ति बरामद की गई।
अवैध हथियार रखने वालों के खिलाफ भी अभियान चलाते हुए 12 मामलों में 18 आरोपियों को गिरफ्तार किया गया। इनके कब्जे से 13 अवैध देसी पिस्तौल और 9 कारतूस बरामद किए गए।
इसके अलावा जुआ एवं सट्टा अधिनियम के 8 मामलों में 18 आरोपियों को गिरफ्तार कर 76 हजार 730 रुपये बरामद किए गए। जुलाई माह के दौरान पुलिस ने 14 बेल जंपर, 13 पीओ (Proclaimed Offender) आरोपी तथा 3 मोस्ट वांटेड अपराधियों को भी गिरफ्तार किया।
एसपी मनप्रीत सिंह सूदन ने कहा कि पुलिस का पहला दायित्व आमजन के जान-माल की सुरक्षा करना है। जिला पुलिस अमन-चैन एवं कानून व्यवस्था बनाए रखने के लिए शराब, नशा और अवैध असला तस्करों सहित सभी अराजक तत्वों के खिलाफ पूरी प्रतिबद्धता और उच्च मनोबल के साथ कार्रवाई कर रही है। उन्होंने कहा कि किसी भी सूरत में कानून व्यवस्था को बिगड़ने नहीं दिया जाएगा।
एसपी ने आमजन से अपील की कि यदि उन्हें किसी भी प्रकार की संदिग्ध गतिविधि की जानकारी मिले तो बिना किसी भय के तुरंत पुलिस को सूचित करें, ताकि समय रहते प्रभावी कार्रवाई की जा सके।
Follow the LALLURAM.COM MP channel on WhatsApp
https://whatsapp.com/channel/0029Va6fzuULSmbeNxuA9j0m


