राकेश कथूरिया, कैथल. एडीसी डॉ. सुशील कुमार ने पात्र नागरिकों को मतदाता सूची में अपना नाम दर्ज करवाने तथा विशेष गहन पुनरीक्षण (एसआईआर) अभियान के प्रति जागरूक करने के उद्देश्य से लघु सचिवालय के सभागार में संबंधित विभागों के अधिकारियों के साथ बैठक की। एडीसी ने बैठक में अधिकारियों को निर्देश दिए कि अधिक से अधिक पात्र नागरिकों तक पहुंचकर उन्हें मतदाता बनने के लिए प्रेरित किया जाए। उन्होंने कहा कि 18 वर्ष या उससे अधिक आयु के सभी पात्र नागरिक अपना नाम मतदाता सूची में अवश्य दर्ज करवाएं तथा जिन मतदाताओं के विवरण में किसी प्रकार की त्रुटि है, वे समय रहते उसका संशोधन भी करवा लें।
उन्होंने अधिकारियों को निर्देश दिए कि गांवों, शहरी क्षेत्रों, शिक्षण संस्थानों, सार्वजनिक स्थलों तथा विभिन्न विभागों के माध्यम से व्यापक जागरूकता अभियान चलाया जाए। इसके लिए बीएलओ, आशा कार्यकर्ताओं, आंगनवाड़ी कार्यकर्ताओं और अन्य संबंधित कर्मचारियों का सहयोग लेकर अधिक से अधिक लोगों तक जानकारी पहुंचाई जाए। उन्होंने कहा कि अब एसआईआर अभियान 24 जुलाई तक चलेगा। इस दौरान कोई भी मतदाता अपना गणना प्रपत्र भरकर बीएलओ को दे सकते हैं, ताकि मतदाता सूची में नाम दर्ज हो सके। इसके बाद 24 जुलाई तक मतदान केंद्रों के रेशनलाइजेशन की प्रक्रिया पूरी की जाएगी। आगामी 31 जुलाई को मतदाता सूची का प्रारूप (ड्राफ्ट) प्रकाशित किया जाएगा।
इसके बाद 31 जुलाई से 30 अगस्त तक मतदाता सूची से संबंधित दावे एवं आपत्तियां स्वीकार की जाएंगी। प्राप्त दावों एवं आपत्तियों का निपटान 28 सितंबर 2026 तक किया जाएगा। इसके उपरांत 3 अक्टूबर 2026 को मतदाता सूची का अंतिम प्रकाशन किया जाएगा। उन्होंने एसआईआर स्वीप अभियान के तहत नगर परिषद, पालिकाओं, रोडवेज, स्वास्थ्य विभाग, महिला एवं बाल विकास विभाग, खाद्य एवं पूर्ति व अन्य विभागों को आवश्यक निर्देश जारी किए।

एडीसी डॉ. सुशील कुमार ने कहा कि लोकतंत्र की मजबूती के लिए प्रत्येक पात्र नागरिक का मतदाता सूची में पंजीकरण आवश्यक है। सभी अधिकारी निर्वाचन आयोग के दिशा-निर्देशों के अनुरूप पूरी गंभीरता और समन्वय के साथ कार्य करें, ताकि कोई भी पात्र नागरिक मतदाता बनने से वंचित न रहे। इस मौके पर एचएसवीपी के संपदा अधिकारी वकील अहमद, डीडीपीओ रितू लाठर, जीएम रोडवेज कमलजीत, स्वास्थ्य विभाग से डॉ सचिन, सहायक राहुल शर्मा सहित संबंधित विभागों के अधिकारी मौजूद रहे।
- Bhopal Double Murder Case : पुलिस ने कातिल भाइयों को किया गिरफ्तार, प्रॉपर्टी बनी दंपत्ति की मौत की वजह
- इंडियन आइडल 16 की फाइनलिस्ट ज्योतिर्मयी नायक का भुवनेश्वर में भव्य स्वागत, ओडिशा की जनता से मांगा समर्थन
- ‘लेडी गैंग’ का गदर: हथियार लेकर घर में घुसीं महिलाएं; जमकर की तोड़फोड़, कार का किया कबाड़ा, वीडियो आया सामने!
- 24 जुलाई तक जमा करें गणना प्रपत्र, मतदाता सूची में नाम दर्ज करवाने का अंतिम अवसर: एडीसी डॉ. सुशील कुमार
- हांसी में चानौत पेयजल विवाद सुलझा, केंद्रीय मंत्री मनोहर लाल के आश्वासन पर धरना समाप्त

