राकेश कथुरिया, कैथल. जिला निर्वाचन अधिकारी एवं डीसी अपराजिता ने बताया कि भारत निर्वाचन आयोग द्वारा 16 राज्यों एवं तीन केंद्र शासित प्रदेशों में विशेष गहन पुनरीक्षण अभियान चलाया जा रहा है। कैथल जिले में इस अभियान का गणना चरण 15 जून से प्रारंभ हो चुका है और शुक्रवार शाम तक करीब 64 प्रतिशत प्रपत्र बांटे जा चुके हैं। यह जिले के लिए अच्छी बात है कि हम अभी प्रपत्र वितरित करने के मामले में पूरे प्रदेश में तीसरे स्थान पर हैं।
डीसी अपराजिता शुक्रवार को लघु सचिवालय स्थित वीडियो कांफ्रेंसिंग रूम में संबंधित अधिकारियों की बैठक को संबोधित कर रही थीं। इससे पहले वीसी के माध्यम से भारत निर्वाचन आयोग के अधिकारियों ने सभी जिला उपायुक्तों को आवश्यक दिशा निर्देश जारी किए।
उन्होंने बताया कि अब तक जिले के बीएलओ सहित इस कार्य में लगे भी अधिकारियों व कर्मचारियों की मेहनत के बल पर 5 लाख 24 हजार 862 प्रपत्र वितरित किए जा चुके हैं। गर्मी होने के बाद भी जिले के सभी बीएलओ ने अच्छा काम किया है। जो काम करने में लापरवाही बरतेंगे, उनके खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी। उन्होंने डीएमसी को निर्देश दिए कि वे पार्षदों की बैठक लेकर उनसे अभियान में सहयोग लें।
डीसी ने कहा कि इस विशेष गहन पुनरीक्षण का उद्देश्य यह सुनिश्चित करना है कि कोई भी पात्र भारतीय नागरिक मतदाता सूची में शामिल होने से वंचित न रहे तथा कोई भी अपात्र व्यक्ति मतदाता सूची में दर्ज न हो। इसलिए सभी पात्र नागरिकों से अपील की कि वे अपना गणना प्रपत्र निर्धारित समय सीमा के भीतर अवश्य भरें। आमजन बीएलओ का सहयोग करें। विशेष रूप से शहरी क्षेत्र में आमजन से अपील है कि वे बीएलओ को अपनी जानकारी दें। ताकि इस कार्य को पूरा किया जा सके। पड़ोस में से यदि कोई व्यक्ति कहीं ओर शिफ्ट हो गया है तो उसके बारे में पूरी जानकारी दें। अपना गणना प्रपत्र निर्धारित समय सीमा के भीतर अवश्य भरें।

वहीं बीएलओ भी आमजन को प्रपत्र भरने में आवश्यक सहयोग करें। यदि किसी की फोटो खराब है तो स्पष्ट फोटो लें। साथ ही निर्वाचन आयोग के जो भी निर्देश हैं, उनका सख्ती से पालन करते हुए इस कार्य को पूरा करवाएं। जो लोग अनुपस्थित हैं। उनके लिए पड़ोसियों से पुख्ता जानकारी लेकर इस बारे में तथ्य अपने पास जरूर रखें। सर्वे के दौरान बीएलओ अपने साथ पर्याप्त संख्या में फॉर्म-6 एवं घोषणा प्रपत्र भी रखें, ताकि नए पात्र मतदाता भी मौके पर अपना नाम मतदाता सूची में दर्ज कराने के लिए आवेदन कर सकें।
उन्होंने बताया कि जिन पात्र मतदाताओं के गणना प्रपत्र 14 जुलाई, 2026 तक संबंधित निर्वाचक पंजीकरण अधिकारी (ईआरओ) को प्राप्त हो जाएंगे, उनके नाम प्रारंभिक मतदाता सूची में शामिल किए जाएंगे। यदि कोई पात्र नागरिक 14 जुलाई तक अपना गणना प्रपत्र जमा नहीं कर पाता है, तो वह 21 जुलाई से 20 अगस्त, 2026 तक दावे एवं आपत्तियों की अवधि के दौरान घोषणा प्रपत्र के साथ फॉर्म-6 भरकर अपना आवेदन प्रस्तुत कर सकता है।
डीसी ने बताया कि राजनीतिक दलों की सक्रिय भागीदारी सुनिश्चित करने के लिए भारत निर्वाचन आयोग ने मान्यता प्राप्त राजनीतिक दलों के बूथ लेवल एजेंट (बीएलए) को प्रतिदिन अधिकतम 50 गणना प्रपत्र एकत्र कर प्रारंभिक प्रकाशन से पूर्व संबंधित बीएलओ को उपलब्ध कराने की अनुमति दी है। राष्ट्रीय एवं राज्य स्तरीय मान्यता प्राप्त राजनीतिक दल इस अभियान के प्रभावी संचालन के लिए आवश्यकता अनुसार अतिरिक्त बीएलए भी नियुक्त कर सकते हैं।
उन्होंने बताया कि कैथल जिले में वर्तमान में 8 लाख 28 हजार 255 पंजीकृत मतदाता, 807 बूथ लेवल अधिकारी (बीएलओ) कार्यरत हैं। इसके अलावा विभिन्न राजनीतिक दलों द्वारा बीएलए-1 के 24 तथा बीएलए-2 के 1471 बूथ लेवल एजेंट नियुक्त किए गए हैं, जो इस विशेष गहन पुनरीक्षण अभियान को सफल बनाने में सहयोग कर रहे हैं।
- PM मोदी का किसानों को तोहफा: 20 जून को मनाया जाएगा पीएम किसान उत्सव दिवस, आयोजित किए जाएंगे कई कार्यक्रम
- कोरिया हत्याकांड : करणी और शिव सेना ने कलेक्टर को सौंपा ज्ञापन, घटना की CBI जांच और दोषियों को फांसी देने की मांग
- शिक्षा मंत्री मिथिलेश तिवारी की बड़ी घोषणा, बिहार के सरकारी स्कूलों में लागू होंगे नए सुधार नियम
- 2 जुलाई को 13 जनपदों में होगी मॉक ड्रिल, आपदाओं से निपटने दिया जाएगा प्रशिक्षण
- एक ही चिता पर पति-पत्नी का हुआ अंतिम संस्कार: ढाई साल के मासूम बेटे ने दी मुखाग्नि, ट्रक की टक्कर से हुई थी दर्दनाक मौत

