कैथल। कैथल के सिविल लाइन थाने में बुधवार शाम उस वक्त पुलिस महकमे में हलचल मच गई, जब विजिलेंस टीम ने कार्रवाई करते हुए तैनात सब इंस्पेक्टर राजेश कुमार को 25 हजार रुपये की कथित रिश्वत के साथ गिरफ्तार कर लिया। आरोप है कि एसआई ने लड़ाई-झगड़े से जुड़े एक मामले में शिकायतकर्ता का नाम हटाने के एवज में रकम की मांग की थी।
मामले की शुरुआत सुभाष नगर निवासी साहिल कुमार की शिकायत से हुई। शिकायतकर्ता ने विजिलेंस को बताया कि सिविल लाइन थाने में तैनात एसआई राजेश कुमार उससे केस से नाम निकलवाने के लिए 25 हजार रुपये मांग रहा है। शिकायत मिलने के बाद कैथल विजिलेंस इंस्पेक्टर सूबे सिंह सैनी की टीम ने पहले शिकायत में लगाए गए आरोपों की पुष्टि की और इसके बाद ट्रैप की तैयारी की।
बुधवार शाम विजिलेंस टीम ने थाने में ही जाल बिछा दिया। तय योजना के तहत शिकायतकर्ता एसआई के पास पहुंचा और उसे 25 हजार रुपये दिए। विजिलेंस के मुताबिक, जैसे ही राजेश कुमार ने रकम अपने कब्जे में ली, टीम ने मौके पर कार्रवाई करते हुए उसे पकड़ लिया। टीम ने रिश्वत की रकम भी बरामद कर ली।
ड्यूटी मजिस्ट्रेट की मौजूदगी में कार्रवाई
ट्रैप की कार्रवाई के दौरान एमडी शुगर मिल के कृष्ण कुमार को ड्यूटी मजिस्ट्रेट के तौर पर मौजूद रखा गया। विजिलेंस टीम ने कार्रवाई से जुड़े जरूरी दस्तावेज और अन्य साक्ष्यों को भी अपने कब्जे में लिया है। गिरफ्तारी के बाद आरोपी एसआई को विजिलेंस कार्यालय ले जाया गया, जहां उससे पूछताछ की जा रही है।
थाने में मचा हड़कंप
एसआई की गिरफ्तारी की खबर फैलते ही सिविल लाइन थाने में भी हलचल बढ़ गई। विजिलेंस टीम ने रिश्वत मामले से जुड़े तथ्यों और उपलब्ध साक्ष्यों को जांच में शामिल किया है। फिलहाल मामले की आगे की कार्रवाई जारी है। पुलिसकर्मी पर लगे रिश्वत मांगने के आरोपों की जांच विजिलेंस द्वारा की जा रही है और जांच के आधार पर आगे की कानूनी कार्रवाई होगी।
- Jharkhand News: गुमला में PLFI के जोनल कमांडर समेत 4 उग्रवादी गिरफ्तार, हथियारों का जखीरा बरामद
- मरम्मत के नाम पर सिर्फ खानापूर्ति : महीनेभर में ओवरब्रिज पर फिर गड्ढा, ग्रामीण नाराज, हादसे के इंतजार में प्रशासन?
- सोनीपत में बिजली निजीकरण पर घमासान, कर्मचारियों के समर्थन में उतरी इनेलो; सरकार से फैसला रद्द करने की मांग
- निजी अस्पतालों में दवा और मेडिकल सामान पर 1000% तक मार्जिन ! सरकार बोली- ये गलत प्रथा, इसके खिलाफ कदम उठाएंगे
- चिरायु आरोग्य योजना से बच्चों के जीवन में आएगी बहार, 70 से अधिक बच्चों का हुआ हृदय रोग से संबंधित चिकित्सकीय परीक्षण

