राकेश कथूरिया, कैथल. डीसी अपराजिता ने जिले के सभी पात्र मतदाताओं से अपील की है कि वे विशेष गहन पुनरीक्षण अभियान के तहत अपना मतदाता गणना प्रपत्र निर्धारित समय सीमा के भीतर भरकर संबंधित बीएलओ को अवश्य जमा करें। उन्होंने कहा कि आयोग के निर्देशानुसार 14 जुलाई तक ही गणना प्रपत्र प्राप्त कर उनका डिजिटलाइजेशन किया जाएगा। निर्धारित समय तक प्रपत्र जमा नहीं होने पर संबंधित मतदाता का नाम मतदाता सूची से हटने की संभावना बनी रहेगी।

डीसी ने बताया कि जिले में अभियान तेजी से चल रहा है। अब तक 8,28,255 मतदाताओं में से 3,25,426 गणना प्रपत्रों का डिजिटलाइजेशन किया जा चुका है, जो कुल का लगभग 39.29 प्रतिशत है। इनमें पूंडरी विधानसभा में 82,320, कलायत विधानसभा में 88,644, कैथल विधानसभा में 79,815 तथा गुहला विधानसभा में 74,647 गणना प्रपत्र डिजिटल किए जा चुके हैं।

डीसी अपराजिता ने सभी संबंधित अधिकारियों एवं बीएलओ को निर्देश दिए कि वे शेष कार्य को पूरी गंभीरता, जिम्मेदारी और सक्रियता के साथ समयबद्ध तरीके से पूरा करें। सभी बीएलओ घर-घर जाकर फॉर्म एकत्रित करें तथा 14 जुलाई से पहले प्रत्येक फॉर्म का ऑनलाइन अपलोड सुनिश्चित करें।

उन्होंने कहा कि प्रशासन का उद्देश्य एक भी पात्र मतदाता को मतदाता सूची से बाहर न रहने देना है। इसलिए नागरिक भी अभियान में सक्रिय सहयोग करें और अपने फॉर्म सही एवं पूर्ण जानकारी के साथ समय रहते जमा कराएं। फॉर्म भरते समय सभी जानकारियां स्पष्ट रूप से अंकित करें तथा निर्धारित मानकों के अनुरूप ही फोटो लगाएं, ताकि किसी प्रकार की त्रुटि या अनावश्यक परेशानी से बचा जा सके।

डीसी अपराजिता ने कहा कि विशेष गहन पुनरीक्षण अभियान का उद्देश्य मतदाता सूची को त्रुटिरहित, पारदर्शी और अद्यतन बनाना है। इसके लिए प्रशासन, बीएलओ और आम नागरिकों की समान भागीदारी आवश्यक है।