राकेश कथूरिया, कैथल. युवा विधायक आदित्य सुरजेवाला ने कैथल के वार्ड 6 चिरंजीव कॉलोनी में जनता की लंबे समय से चली आ रही मांग को पूरा करते हुए नवनिर्मित गलियों का भव्य उद्घाटन किया। इस कार्यक्रम में स्थानीय वार्डवासियों की भारी भीड़ उमड़ी, जिसमें महिलाएं, युवा और बुजुर्ग सभी शामिल थे।

विधायक आदित्य सुरजेवाला के आगमन पर लोगों ने फूलमालाएं पहनाकर, शॉल ओढ़ाकर और जोरदार नारों के साथ स्वागत किया। वार्डवासियों ने उन्हें विकास कार्यों के लिए धन्यवाद देते हुए कहा कि आदित्य सुरजेवाला ने वादे नहीं, काम करके दिखाए हैं।

नवनिर्मित गलियों के उद्घाटन के दौरान विधायक सुरजेवाला ने कहा कि चिरंजीव कॉलोनी मेरे दिल के बहुत करीब है। यहां के लोगों की समस्याओं को मैं अच्छी तरह समझता हूं। सड़कें, गलियां और बुनियादी सुविधाएं हर नागरिक का अधिकार हैं। आज जो गलियां बनकर तैयार हुई हैं, वे सिर्फ शुरुआत हैं। आने वाले समय में पूरे वार्ड का कायाकल्प किया जाएगा।

विधायक आदित्य सुरजेवाला द्वारा किया गया यह उद्घाटन चिरंजीव कॉलोनी के लिए न सिर्फ विकास का प्रतीक है, बल्कि क्षेत्र के लोगों में नई उम्मीद भी जगाने वाला है।

तिकोना पार्क को मिलेंगे 15 लाख रुपये

समारोह को संबोधित करते हुए आदित्य सुरजेवाला ने एक और बड़ी घोषणा की। उन्होंने चिरंजीव कॉलोनी के त्रिकोना पार्क की मुरम्मत, छायादार शेडों का निर्माण और आधुनिक ओपन जिम लगाने के लिए 15 लाख रुपये की राशि मंजूर करने की घोषणा की।

उन्होंने बताया कि बहुत जल्द इस काम को शुरू किया जाएगा। बच्चों को खेलने के लिए बेहतर जगह, बुजुर्गों को सुबह-शाम टहलने और व्यायाम करने की सुविधा, और युवाओं को फिटनेस का अच्छा विकल्प मिलेगा।

वार्डवासियों की प्रतिक्रिया

पार्षद प्रीति शर्मा और पार्षद प्रतिनिधि दिनेश शर्मा ने कहा कि वार्ड में पानी की समस्या, टूटी गलियों और पार्क की खस्ता हालत सालों से परेशान कर रही थी। आज आदित्य सुरजेवाला ने न सिर्फ गलियां बनवाईं बल्कि पार्क के लिए भी बड़ा फंड घोषित किया है। हम सब उनके शुक्रगुजार हैं।

स्थानीय निवासियों ने पानी की समस्या को लेकर विधायक आदित्य सुरजेवाला को अवगत करवाया तो तुरंत प्रभाव से आदित्य सुरजेवाला ने पब्लिक हेल्थ एक्सईएन को फोन करके वार्डवासियों की समस्या को गंभीरता से लेने को कहा और पानी की समस्या को तुरंत प्रभाव से खत्म करने का आदेश दिया। विधायक आदित्य सुरजेवाला ने इस मौके पर वार्डवासितों को आगे भी कई विकास कार्यों का आश्वासन दिया।

इस कार्यक्रम में स्थानीय कांग्रेस कार्यकर्ता, पार्षद प्रीति शर्मा, पार्षद प्रतिनिधि दिनेश शर्मा, वार्ड के प्रधान जितेंद्र कथूरिया, भूपेश अग्रवाल, जयकिशन मान, मुकेश शर्मा, प्रवीण धीमान, एडवोकेट सुरेश मान, सतपाल शर्मा, आशु राणा, धर्मपाल जेई, बलबीर परचेजर, बृजलाल मौर्य, सतपाल धीमान, अमन कपूर, सोमदत्त शर्मा, ओमपति मोर, ज्योति वधवा, किरण शर्मा सहित बड़ी संख्या में आम नागरिक मौजूद रहे।