शिवम मिश्रा, रायपुर। राजधानी के गुजराती स्कूल में आयोजित कार्यक्रम में काजल हिंदुस्तानी के छात्राओं से विवादित नारे लगवाए जाने पर हुसैनी सेना ने पुलिस में शिकायत दर्ज कराई है. देवेंद्र नगर थाने में दी गई शिकायत में गुजराती स्कूल प्रबंधन और काजल हिंदुस्तानी के खिलाफ एफआईआर दर्ज करने की मांग की गई है. अपराध दर्ज नहीं होने पर गुजराती स्कूल का ताला तोड़कर उग्र प्रदर्शन की चेतावनी दी गई है.
रायपुर जिला हुसैनी सेना के सदस्य गुजराती स्कूल प्रबंधन और प्राचार्य के साथ काजल हिन्दुस्तानी के खिलाफ कार्रवाई की मांग को लेकर देवेंद्र नगर थाने पहुंचे. शिकायत देने के बाद सदस्यों ने चेतावनी दी कि दो दिनों में एफआईआर दर्ज नहीं करने पर स्कूल में ताला जड़ा जाएगा.

शिकायत दर्ज करवाने वाले हुसैनी सेना के जिला अध्यक्ष मो आमिर ने आरोप लगाया कि मुस्लिम छात्रों को निकाल कर स्कूल में कार्यक्रम का आयोजन किया गया, जिसमें हजारों छात्र-छात्राओं से इस्लाम धर्म और मुस्लिम महिलाओं के खिलाफ नारे लगवाए गए. शिक्षा के मंदिर में ऐसा भड़काऊ आयोजन कतई बर्दाश्त नहीं होगा. छत्तीसगढ़ में इस तरह की नफरत की संस्कृति नहीं पनपने देंगे.
इस दौरान सीरत के पूर्व अध्यक्ष नोमान हामिद, राष्ट्रीय अध्यक्ष राहिल रउफी, शहर सीरत कमेटी अध्यक्ष सोहेल सेठी, परह नगर मुतवल्ली अरशद खान, प्रदेश अध्यक्ष डॉ नेहाल खान, मो फहीम खान, शेख अमीन, जिला अध्यक्ष मो आमिर, एहतेशाम हुसैन, मो जाकिर, हफ़ीज़ुद्दीन हाफिज, राजिक रजा, रशीद भिनसारा, अफजल कुरैशी, नौशाद, फिरोज खान सहित बड़ी संख्या में सेना के कार्यकर्ता मौजूद थे.
Follow the LALLURAM.COM MP channel on WhatsApp
https://whatsapp.com/channel/0029Va6fzuULSmbeNxuA9j0m



