प्रजापति, कालांवाली। अखिल भारतीय सेवा संघ द्वारा राष्ट्रीय अध्यक्ष डॉ. इंद्र गोयल के जन्मदिवस के अवसर पर एक विशेष स्वास्थ्य जांच शिविर का आयोजन किया गया। गोयल हॉस्पिटल स्थित एजिलस डायग्नोस्टिक सेंटर में आयोजित इस कैंप में क्षेत्र के नागरिकों ने उत्साहपूर्वक भाग लिया, जहां कुल 32 मरीजों की रक्त और शुगर जांच निशुल्क की गई।

कार्यक्रम में मुख्य अतिथि के रूप में पहुंचे प्रांतीय उपाध्यक्ष नरेश गर्ग ने डॉ. इंद्र गोयल के सेवाभावी जीवन की सराहना करते हुए उनके दीर्घायु होने की कामना की। शाखा अध्यक्ष डॉ. राजेश दीप गोयल ने मरीजों को मधुमेह से बचाव और सही खानपान के तरीके बताए।

उन्होंने जोर दिया कि नियमित जांच और स्वस्थ जीवनशैली अपनाकर गंभीर बीमारियों से बचा जा सकता है। इस सेवा कार्य में कोषाध्यक्ष हर विलास राय गोयल, वरिष्ठ उपाध्यक्ष दीपक मकानी और देवेंद्र गुप्ता सहित संस्था के अन्य पदाधिकारियों ने महत्वपूर्ण भूमिका निभाई। संघ ने भविष्य में भी इस तरह के जनहित के कार्य जारी रखने का संकल्प लिया है।