पुष्पेंद्र कुमार,चरखी दादरी। गांव कलियाणा में घरेलू बिजली कनेक्शन से दुकान चलाने की शिकायत पर कार्रवाई करने पहुंची बिजली निगम झोझू कलां की टीम पर ग्रामीणों ने हमला कर दिया। टीम दो उपभोक्ताओं के मीटर उखाड़ने की कार्रवाई कर रही थी। इसी दौरान विवाद बढ़ गया। आरोप है कि एसडीओ प्रवीण कुमार से हाथापाई कर उनका मोबाइल छीन लिया गया। एरिया इंचार्ज फोरमैन रवि कुमार को जमीन पर गिराकर लात-घूंसों से पीटा गया। बीच-बचाव करने पहुंचे पुलिसकर्मियों से भी धक्का-मुक्की की गई। घायल फोरमैन को सिविल अस्पताल में भर्ती कराया गया है।

मीटर उखाड़ने की कार्रवाई के दौरान हुआ विवाद

जानकारी के अनुसार, कलियाणा गांव में घरेलू बिजली कनेक्शन का इस्तेमाल कर दुकानें चलाने की शिकायत मिली थी। इसके बाद एसडीओ प्रवीण कुमार के नेतृत्व में बिजली निगम की टीम पुलिस बल के साथ गांव पहुंची।

टीम ने दो आरोपियों के घर लगे बिजली मीटर उखाड़ने की कार्रवाई शुरू की। इसी दौरान ग्रामीणों के विरोध के बाद स्थिति बिगड़ गई। आरोप है कि मोहित नंबरदार और अन्य ग्रामीणों ने टीम के साथ मारपीट शुरू कर दी।

बिजली निगम की कार्रवाई की एसडीओ प्रवीण कुमार वीडियो बना रहे थे। फोरमैन रवि कुमार के अनुसार, इसी दौरान मोहित नंबरदार ने एसडीओ के साथ हाथापाई की और उनका मोबाइल छीन लिया।

फोरमैन को घेरकर लात-घूंसों से पीटा

सिविल अस्पताल में भर्ती फोरमैन रवि कुमार ने बताया कि हमलावरों ने उन्हें घेर लिया और जमीन पर गिराकर लात-घूंसों से पीटा। उन्होंने बताया कि वह मौका पाकर वहां से भाग निकले।

रवि कुमार के मुताबिक, अगर वह वहां से नहीं निकलते तो उनकी जान को खतरा हो सकता था। मामले के दौरान बीच-बचाव करने पहुंचे पुलिसकर्मियों के साथ भी धक्का-मुक्की किए जाने का आरोप है।

बिजली निगम की गठित दो टीमों में कुल 12 कर्मचारी शामिल थे। कार्रवाई के दौरान टीम के सदस्यों को विरोध का सामना करना पड़ा।

एसडीओ की शिकायत पर 9 लोगों के खिलाफ केस

झोझू कलां थाना पुलिस ने एसडीओ प्रवीण कुमार की शिकायत पर मामला दर्ज किया है। थाना प्रभारी दिलबाग सिंह के अनुसार, मोहित नंबरदार, महिला मिस्त्री, विक्रम, सतबीर, विजय, मामकौर, रमेश कुमार, विनोद और पृथ्वी के खिलाफ सरकारी ड्यूटी में बाधा डालने, कर्मचारियों पर हमला करने और मारपीट का मामला दर्ज किया गया है।पुलिस ने मामले की जांच शुरू कर दी है।

Follow the LALLURAM.COM MP channel on WhatsApp
https://whatsapp.com/channel/0029Va6fzuULSmbeNxuA9j0m