पंचकूला। कालका के गांधी चौक इलाके में सोमवार रात एक युवक पर कथित रूप से हमला किए जाने का मामला सामने आया है। घटना के बाद इलाके में अफरा-तफरी का माहौल बन गया। हमले में गंभीर रूप से घायल युवक की पहचान निखिल चौरसिया के रूप में हुई है। शुरुआती उपचार के बाद उसकी हालत को देखते हुए उसे पंचकूला के सेक्टर-6 सिविल अस्पताल भेजा गया, जहां से डॉक्टरों ने आगे इलाज के लिए पीजीआई चंडीगढ़ रेफर कर दिया।

गांधी चौक के पास रोका और किया हमला

जानकारी के मुताबिक निखिल मोटरसाइकिल से काली माता मंदिर की ओर से गांधी चौक की तरफ जा रहा था। इसी दौरान चौक के पास कुछ नकाबपोश युवकों ने कथित तौर पर उसे रोक लिया। आरोप है कि इसके बाद हमलावरों ने उसके साथ मारपीट की, जिसमें वह गंभीर रूप से घायल हो गया और सड़क पर गिर पड़ा।

घटना के बाद हमलावर मौके से चले गए। प्रत्यक्षदर्शी के मुताबिक, घायल युवक जब किसी तरह वहां से निकलकर ऑटो के जरिए अस्पताल जाने की कोशिश कर रहा था, तब आरोपियों ने कथित तौर पर उसका पीछा किया और दोबारा उसके साथ मारपीट की।

वीडियो बनाने पर धमकाने का आरोप

प्रत्यक्षदर्शी ने आरोप लगाया कि घटना के दौरान हमलावरों ने आसपास मौजूद लोगों को धमकाया और किसी तरह का फोटो या वीडियो बनाने से मना किया। बताया जा रहा है कि हमलावर किसी पुराने विवाद का हवाला देते हुए निखिल पर हमला कर रहे थे।

प्रारंभिक जानकारी में दोनों पक्षों के बीच पुरानी रंजिश की बात सामने आने की बात कही जा रही है। हालांकि, हमले की वास्तविक वजह और विवाद की पूरी पृष्ठभूमि पुलिस जांच के बाद ही स्पष्ट हो सकेगी।

पुराने आपराधिक मामले की भी जांच

जानकारी यह भी सामने आई है कि करीब सात महीने पहले निखिल का नाम एक आपराधिक मामले से जुड़े होने की बात कही जा रही है। हालांकि इस संबंध में आधिकारिक पुष्टि अभी नहीं हुई है। पुलिस जांच के बाद ही यह साफ होगा कि पुराने मामले और सोमवार रात हुए हमले के बीच कोई संबंध है या नहीं।

पुलिस ने शुरू की जांच

घटना की सूचना मिलते ही कालका थाना प्रभारी प्रताप सिंह पुलिस टीम के साथ मौके पर पहुंचे। पुलिस ने घटनास्थल की जांच शुरू कर दी है। अधिकारियों की ओर से हमले के कारण, आरोपियों की पहचान और पूरे घटनाक्रम से जुड़े अन्य पहलुओं की जानकारी जुटाई जा रही है।

फिलहाल पुलिस हमलावरों की पहचान और घटना के पीछे की वजह का पता लगाने में जुटी है। घायल युवक का इलाज पीजीआई चंडीगढ़ में जारी है।

Follow the LALLURAM.COM MP channel on WhatsApp
https://whatsapp.com/channel/0029Va6fzuULSmbeNxuA9j0m