आगरा की विशेष एमपी/एमएलए अदालत में कंगना रनौत के खिलाफ छात्रों और उनके अभिभावकों को लेकर की गई टिप्पणी से जुड़े मामले में शुक्रवार को सुनवाई होगी. यह परिवाद वरिष्ठ अधिवक्ता रमाशंकर शर्मा ने 11 अगस्त 2026 को दाखिल किया था.
आगरा. अभिनेत्री और सांसद कंगना रनौत के खिलाफ छात्रों को ‘गटर जेनरेशन’ कहने और उनके अभिभावकों के अपमान से जुड़े मामले में शुक्रवार को विशेष न्यायाधीश एमपी/एमएलए कोर्ट में सुनवाई होगी. यह परिवाद राजीव गांधी बार एसोसिएशन के अध्यक्ष वरिष्ठ अधिवक्ता रमाशंकर शर्मा ने 11 अगस्त 2026 को दाखिल किया था.
छात्रों के प्रदर्शन का मामला
मामला जंतर-मंतर पर पेपर लीक के विरोध में छात्रों के प्रदर्शन से जुड़ा है. हजारों छात्रों ने केंद्रीय शिक्षा मंत्री के इस्तीफे की मांग को लेकर धरना दिया था.
20 जुलाई 2026 को पुलिस ने प्रदर्शन कर रहे छात्रों पर लाठीचार्ज किया था और आंसू गैस के गोले छोड़े थे. इस कार्रवाई में कई छात्रों के घायल होने की बात सामने आई थी.
27 जुलाई को दिया बयान
इसके बाद 27 जुलाई को कंगना रनौत ने प्रदर्शन को लेकर बयान दिया था. उन्होंने वहां की स्थिति को देखकर उबकाई आने की बात कही थी और छात्रों की परवरिश पर भी सवाल उठाए थे.
इसी बयान को आधार बनाकर वरिष्ठ अधिवक्ता रमाशंकर शर्मा ने अदालत में परिवाद दाखिल किया है. अब विशेष एमपी/एमएलए अदालत में इस मामले की सुनवाई होगी.
पहले से चल रहा मामला
आगरा की अदालत में कंगना रनौत के खिलाफ एक अन्य मामला भी चल रहा है. यह वाद किसान आंदोलन के दौरान कंगना के बयान को लेकर वरिष्ठ अधिवक्ता रमाशंकर शर्मा ने ही दायर किया था.

