कुंदन कुमार, पटना। राजधानी पटना स्थित कांग्रेस कार्यालय में आज मंगलवार को कांग्रेस नेता और NSUI के राष्ट्रीय प्रभारी कन्हैया कुमार ने एक प्रेस कॉन्फ्रेंस को संबोधित करते हुए सरकार पर जमकर निशाना साधा। कन्हैया कुमार ने बिहार में प्रदर्शन कर रहे छात्रों पर हुए लाठीचार्ज और गोली लगाने पर सरकार को घरेते हुए पूछा कि, आखिर किन परिस्थितियों में छात्रों को गिरफ्तार किया गया तथा उन्हें 36 से 48 घंटे हाजत में रखा गया?
छात्रों की गिरफ्तार पर कन्हैया का बड़ा बयान
कन्हैया कुमार ने कहा कि, कैसे दुर्दांत कैदियों के साथ 18 वर्ष से कम उम्र के छात्रों को रखा गया। उन्होंने कहा कि, एक तरफ जहां सरकार प्रदर्शन कर रहे छात्रों को अविलंब छोड़ने की बात कह रही है। वहीं, बहुत ऐसे छात्र हैं, जिन पर अभी भी विभिन्न थानों में एफआईआर दर्ज है। सरकार सिर्फ इस मामले को लेकर लीपापोती करने में लगी हुई है।
शाह के इशारे पर उतारा कमजोर प्रत्याशी-कन्हैया कुमार
वहीं, बांकीपुर विधानसभा चुनाव से जुड़े एक सवाल पर कन्हैया कुमार ने प्रशांत किशोर को जीत की बधाई देते हुए कहा कि यह.सवाल नितिन नवीन से पूछना चाहिए। साथ ही उन्होंने कहा कि, जो सीट भाजपा का गढ माना जाता था, अमित शाह के इशारे पर नितिन नबीन का कद कम करने के लिए जानबूझकर कमजोर प्रत्याशी देकर हराया गया। उन्होंने तंज कसते हुए कहा कि अमित शाह के बेटे जय शाह को भाजपा का राष्ट्रीय अध्यक्ष बना देना चाहिए एवं नितिन नबीन को बीसीसीआई का अध्यक्ष।
पटना में प्रदर्शन कर रहे छात्रों पर वाटर कैनन
बता दें कि आज मंगलवार (4 अगस्त) को एक बार फिर से राजधानी पटना की सड़कों पर छात्रों का आक्रोश देखने को मिला, जहां सीवान में छात्र प्रदर्शन के दौरान हुए गोलीकांड को लेकर आईसा, एआईएसएफ और एनएसयूआई सहित वामदल से जुड़े कई अन्य छात्र संगठन मुख्यमंत्री आवास का घेराव करने के लिए सड़क पर उतरे।
छात्र संगठनों का मार्च सीएम आवास की ओर बढ़ रहा था। इस दौरान पुलिस ने उन्हें इनकम टैक्स चौराहे के पास रोक दिया। इसके बाद भी जब छात्रों ने आगे बढ़ने की कोशिश की तो पुलिस ने उन्हें रोकने के लिए वाटर कैनने का प्रयोग किया और छात्रों की भीड़ को तितर-बितर किया। वहीं, कुछ को पुलिस द्वारा डिटेन किए जाने की भी खबर है।
ये भी पढ़ें- बांकीपुर में हार के बाद BJP में घमासान: पार्टी नेता मुकेश निषाद ने मांगा केंद्रीय मंत्री का इस्तीफा


