सुशील सलाम, कांकेर। भीषण गर्मी के बीच जिले के चारामा क्षेत्र में बिजली आपूर्ति बाधित होने से कई गांवों में जनजीवन पूरी तरह प्रभावित हो गया है। पिछले दो दिनों से करीब 4 से 5 गांव अंधेरे में डूबे हुए हैं, जिससे ग्रामीणों को भारी कठिनाइयों का सामना करना पड़ रहा है।

जानकारी के अनुसार, मंगलवार दोपहर गिरहोला, नवागांव, चारभाटा, सिरसिदा और अन्य गांवों में आए आंधी तूफान और तेज बारिश के बाद से बंद हुई बिजली अब तक बहाल नहीं हो सकी है। बिजली गुल होने के कारण न केवल दैनिक जीवन प्रभावित हुआ है, बल्कि पेयजल आपूर्ति भी ठप हो गई है, जिससे ग्रामीणों को पानी जैसी मूलभूत जरूरतों के लिए भी परेशान होना पड़ रहा है।
जनरेटर की व्यवस्था कर पानी भर रहे लोग, हैंडपंप भी देने लगे जवाब
भीषण गर्मी के बीच बिजली न होने से कई स्थानों पर लोगों ने देर रात जनरेटर की व्यवस्था कर अपने घर के बोर कनेक्शन को जोड़कर किसी तरह पानी भरा। जो जनरेटर की व्यवस्था नहीं कर सकते उनके लिए गांवों के हैंडपंप ही अब मुख्य सहारा बने हुए हैं, जहां सुबह 4:30 बजे से ही लोगों की लंबी कतारें लग रही हैं। लेकिन गर्मी और अधिक उपयोग के कारण कई हैंडपंप भी जवाब देने लगे हैं।

ग्रामीणों का आरोप है कि बिजली विभाग के अधिकारी फोन तक रिसीव नहीं कर रहे हैं, जिससे उनकी समस्या और गंभीर होती जा रही है। विभागीय लापरवाही को लेकर ग्रामीणों में आक्रोश बढ़ता जा रहा है और जल्द से जल्द बिजली बहाल करने की मांग की जा रही है।
Lalluram.Com के व्हाट्सएप चैनल को Follow करना न भूलें.
https://whatsapp.com/channel/0029Va9ikmL6RGJ8hkYEFC2H

