सुशील सलाम, कांकेर। शहर में आज शाम एक नशे में धुत कार चालक ने तेज में कई गाड़ियों और लोगों को अपनी चपेट में ले लिया। घटना में करीब 4 से 5 लोग घायल हो गए। सूचना मिलते ही पुलिस ने तत्काल कार्रवाई करते हुए कार का पीछा किया और सिंगरभाट के पास चालक को पकड़ लिया।

जानकारी के अनुसार, आरोपी युवक ब्रेजा कार चला रहा था और कथित तौर पर शराब के नशे में था। तेज रफ्तार और लापरवाही से वाहन चलाने के दौरान उसने रास्ते में बाईक, ई-रिक्शा और कार समेत 4 से 5 लोगों को टक्कर मार दी। घायलों को उपचार के लिए अस्पताल भेजा गया है।

प्रत्यक्षदर्शियों की सूचना पर पुलिस ने आरोपी का पीछा शुरू किया। भागने के दौरान सिंगरभाट के पास आरोपी की कार दुर्घटनाग्रस्त हो गई, जिसके बाद पुलिस ने उसे मौके से हिरासत में ले लिया।

पुलिस के अनुसार, कार चालक की पहचान चंद्रशेखर तेता, निवासी किसनपुरी के रूप में हुई है। फिलहाल आरोपी से पूछताछ की जा रही है और उसके मेडिकल परीक्षण सहित अन्य कानूनी प्रक्रिया पूरी की जा रही है।
यह पूरा मामला कोतवाली थाना क्षेत्र का है। पुलिस ने मामले की जांच शुरू कर दी है और घटना के संबंध में आगे की कार्रवाई जारी है।
Lalluram.Com के व्हाट्सएप चैनल को Follow करना न भूलें.
https://whatsapp.com/channel/0029Va9ikmL6RGJ8hkYEFC2H

