सुशील सलाम, कांकेर। नवरात्र के दौरान दुर्गा पंडालों में भीड़ को देखते हुए अग्निशमन विभाग ने सुरक्षा व्यवस्था को लेकर सख्ती शुरू कर दी है। जिला सेनानी एवं जिला अग्निशमन अधिकारी की ओर से जिले की सभी दुर्गा समितियों को नोटिस भेजकर पंडालों में आग से बचाव के जरूरी इंतजाम करने के निर्देश दिए गए हैं। इनमें अग्निशामक यंत्र के साथ पानी और रेत जैसी जरूरी चीजें रखने को कहा गया है।

दरअसल, बीते दिनों राजधानी रायपुर समेत अन्य जिलों से दुर्गा पंडालों में आग लगने की घटनाएं सामने आई थीं। इसके बाद नवरात्र के दौरान कांकेर में ऐसी घटनाओं को रोकने के लिए सुरक्षा व्यवस्था पर ध्यान दिया जा रहा है। शांति समिति की बैठक में भी आगजनी की घटनाओं की रोकथाम को लेकर जरूरी निर्देश दिए गए थे। इसी के मद्देनजर नगर सेना विभाग ने जिले के दुर्गा पंडालों में अग्निशमन के इंतजाम सुनिश्चित करने के लिए समितियों को नोटिस जारी किया है।
भीड़भाड़ वाले पंडालों में सुरक्षा जरूरी
नगर सेना अधिकारी एसके मिश्रा के मुताबिक, दुर्गा पूजा स्थलों पर बड़ी संख्या में लोग जुटते हैं। ऐसे में बिजली की खराबी, आग या किसी अन्य वजह से आगजनी की घटना होने पर लोगों को सुरक्षित निकालने और आग पर काबू पाने के लिए जरूरी संसाधनों का होना बेहद जरूरी है। इसी को ध्यान में रखते हुए समितियों को अग्निशामक यंत्र समेत अन्य जरूरी इंतजाम करने के निर्देश दिए गए हैं।
पानी और रेत रखने के भी निर्देश

विभाग ने समितियों को पंडालों में आग बुझाने के लिए अग्निशामक यंत्र, पानी, रेत और दूसरी जरूरी चीजों की व्यवस्था रखने को कहा है, ताकि किसी भी आपात स्थिति में तुरंत बचाव किया जा सके। नोटिस जारी होने के बाद दुर्गा समितियों में सुरक्षा इंतजामों को लेकर हलचल बढ़ गई है। नवरात्र के दौरान पूजा स्थलों पर श्रद्धालुओं की आवाजाही को देखते हुए इन इंतजामों की अहमियत और बढ़ जाती है।
Lalluram.Com के व्हाट्सएप चैनल को Follow करना न भूलें.
https://whatsapp.com/channel/0029Va9ikmL6RGJ8hkYEFC2H

