सुशील सलाम, कांकेर। जिले के पखांजूर थाना क्षेत्र में नशे के खिलाफ चलाए जा रहे उजियार अभियान को पुलिस को बड़ी सफलता मिली है। पुलिस ने मोटरसाइकिल में नशीली कफ सिरप बेचते हुए एक युवक को गिरफ्तार किया है। युवक के कब्जे से पुलिस ने भारी मात्रा में नशीली कफ सिरप की बोतलें और इन्हें बेचने में इस्तेमाल की जा रही मोटरसाइकिल को भी जब्त किया है।

पखांजूर पुलिस को मुखबिर से सूचना मिली कि वार्ड नंबर 17, रविंद्र पल्ली में एक निर्माणाधीन मकान के सामने एक आरोपी मोटरसाइकिल पर कफ सिरप रखकर ग्राहकों की तलाश कर रहा है। टीम ने मुखबिर द्वारा बताए स्थान पर पहुँचकर घेराबंदी की और मुकेश सरदार (29 वर्ष, पुत्र केशव सरदार, निवासी पीवी 14, श्यामनगर, पखांजूर) को गिरफ्तार किया।

आरोपी की तलाशी लेने पर उसके पास से कोडीन फॉस्फेट और ट्राइप्रोलिडीन हाइड्रोक्लोराइड युक्त 90 नग अवैध कफ सिरप, 3300 रुपये नगद, एक होंडा मोटरसाइकिल और एंड्रॉयड मोबाइल बरामद हुआ।
एडिशनल एसपी राकेश कुमार कुर्रे और एसडीओपी रवि कुजूर ने बताया कि पुलिस अधीक्षक के निर्देश पर जिले में नशे के खिलाफ निरंतर कार्रवाई की जा रही है। 19 फरवरी को मिली सूचना के आधार पर मुकेश सरदार को गिरफ्तार किया गया। आरोपी से यह भी पता लगाया जा रहा है कि उसने नशीली दवाइयां कहाँ से खरीदी थीं। मामले की जांच के लिए ड्रग विभाग को भी सूचना दी गई है। आरोपी को न्यायिक रिमांड में भेज दिया गया है।
कांकेर पुलिस ने आम जनता से अपील करते हुए कहा कि किसी भी संदिग्ध गतिविधि की सूचना देना अपराध रोकने में मदद कर सकता है। उन्होंने कहा, “आपकी एक छोटी सी जानकारी किसी बड़े अपराध को रोक सकती है। इसलिए पुलिस को किसी भी संदिग्ध गतिविधि की जानकारी तुरंत दें।”
Lalluram.Com के व्हाट्सएप चैनल को Follow करना न भूलें.
https://whatsapp.com/channel/0029Va9ikmL6RGJ8hkYEFC2H


