कांकेर, पखांजूर। कांकेर जिले के पखांजूर थाना क्षेत्र के ग्राम पीव्ही-27 ह्दयपुर में रविवार सुबह जमीन विवाद ने हिंसक रूप ले लिया, जिसमें एक युवक की बेरहमी से हत्या कर दी गई और कई लोग घायल हो गए। घटना के तुरंत बाद पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए सात आरोपियों को गिरफ्तार कर जेल भेज दिया है।

एक दशक से चल रहा जमीन विवाद

जानकारी के अनुसार, ग्राम पीव्ही-27 के निवासी गोपाल मजुमदार और रास बिहारी राय के बीच लगभग एक दशक से आधा एकड़ जमीन को लेकर विवाद जारी है। वर्तमान में यह भूमि रास बिहारी राय के कब्जे में है, जबकि गोपाल मजुमदार इसे अपनी पट्टे वाली जमीन बताते हुए कब्जा करने की कोशिश कर रहे थे। यह मामला फिलहाल पखांजूर सिविल कोर्ट में विचाराधीन है, लेकिन इसके बावजूद दोनों पक्षों के बीच समय-समय पर मतभेद और टकराव होते रहते थे।

बीते रविवार की सुबह इस विवाद ने हिंसक रुप ले लिया। करीब 7 से 7:30 बजे के बीच गोपाल मजूमदार और उनके परिवार के सदस्य खेत में काम कर रहे थे। इसी दौरान पड़ोस में रहने वाले आरोपियों ने लाठी-डंडा, लोहे के पाइप और टांगिया (कुल्हाड़ी) लेकर हमला कर दिया। हमले में गोपाल मजूमदार के बड़े बेटे जिवेश मजूमदार (30) के सिर पर टांगिया से वार किया गया, जिससे उसकी मौके पर ही मौत हो गई। इस हमले में गोपाल मजूमदार समेत परिवार के अन्य सदस्य भी गंभीर रूप से घायल हो गए। उन्हें इलाज के लिए हायर सेंटर रेफर किया गया।

इसे भी पढ़ें: अपडेट: जमीन विवाद में हुई मौत से आक्रोशित ग्रामीण ने किया थाना-तहसील का घेराव, बुलडोजर कार्रवाई की कर रहे हैं मांग

पुलिस ने बताया कि घटना की सूचना मिलते ही थाना प्रभारी लक्ष्मण केवट के नेतृत्व में पुलिस टीम ने घेराबंदी कर सभी सात आरोपियों को गांव के पास से ही गिरफ्तार कर लिया। गिरफ्तार आरोपियों में रामचन्द्र राय, राजबिहारी राय, चांदमोहन राय, चंदन राय, राजेश राय, विभूति राय और भरत राय शामिल हैं। उनके कब्जे से पुलिस ने तीन लोहे की टांगिया, एक लोहे का पाइप और लकड़ी के डंडे बरामद किए हैं।

पुलिस ने सभी आरोपियों के खिलाफ विभिन्न धाराओं के तहत मामला दर्ज कर 6 अप्रैल 2026 को न्यायालय में पेश किया। न्यायालय ने आरोपियों को जिला जेल कांकेर भेजने का आदेश दिया।

Lalluram.Com के व्हाट्सएप चैनल को Follow करना न भूलें.
https://whatsapp.com/channel/0029Va9ikmL6RGJ8hkYEFC2H