कानपुर के एक्सप्रेस रोड पर शनिवार को खोवा और अन्य खाद्य वस्तुओं की सैंपलिंग के विरोध में व्यापारियों ने खाद्य विभाग की टीम का घेराव किया. करीब चार घंटे बाजार बंद रहने के बाद व्यापारी नेताओं और प्रशासन के बीच वार्ता हुई, जिसके बाद दुकानें खुलीं.
कानपुर. घंटाघर के पास स्थित एक्सप्रेस रोड पर शनिवार दोपहर खोवा और अन्य खाद्य वस्तुओं की सैंपलिंग को लेकर व्यापारियों ने खाद्य एवं औषधि सुरक्षा प्रशासन की टीम का घेराव कर हंगामा किया. विरोध में व्यापारियों ने अपनी दुकानें बंद कर दीं और मांग की कि उन्हीं दुकानों से नमूने लिए जाएं, जिनके खिलाफ शिकायत मिली हो.
करीब चार घंटे तक बाजार बंद रहा. इसके बाद व्यापारी नेताओं और प्रशासनिक अधिकारियों के बीच वार्ता हुई, जिसके बाद खाद्य विभाग की टीम वापस लौट गई और बाजार खोल दिया गया.
तीन दिन से सैंपलिंग
एक्सप्रेस रोड और नयागंज के बाजार में पिछले तीन दिनों से खाद्य एवं औषधि सुरक्षा प्रशासन की टीम सैंपलिंग की कार्रवाई कर रही है. शनिवार को एक्सप्रेस रोड स्थित खोवा थोक बाजार में टीम ने नमूने लेने की कार्रवाई शुरू की, जिसके बाद व्यापारियों ने विरोध जताया.
व्यापारियों का आरोप था कि टीम ने सभी दुकानों से नमूने लेने की बात कही. इसके बाद व्यापारियों ने विरोध में दुकानें बंद कर दीं.
एक्सप्रेस रोड व्यापार मंडल के अध्यक्ष रोशन गुप्ता, वरिष्ठ महामंत्री इखलाक मिर्जा, महामंत्री सचिन त्रिवेदी, भारतीय उद्योग व्यापार प्रतिनिधिमंडल के जिला युवा अध्यक्ष आशीष मिश्र और अन्य व्यापारियों ने कहा कि त्योहार के समय सैंपलिंग के बहाने व्यापारियों का शोषण किया जा रहा है.
व्यापारियों ने जताया विरोध
हंगामे के दौरान भारतीय उद्योग व्यापार प्रतिनिधिमंडल के प्रदेश अध्यक्ष ज्ञानेश मिश्र, जिलाध्यक्ष विजय गुप्ता गोरे और अन्य नेता भी मौके पर पहुंच गए. सभी ने प्रत्येक दुकान में सैंपलिंग का विरोध किया और कहा कि शिकायत के आधार पर ही नमूने लिए जाने चाहिए.
कई घंटे तक हंगामा चलता रहा और दुकानें नहीं खुलीं. इसके बाद खाद्य विभाग की टीम वापस लौट गई.
विभाग ने दी जानकारी
खाद्य एवं औषधि सुरक्षा प्रशासन की टीम एक्सप्रेस रोड में खोवा का सैंपल लेने गई थी. कुछ व्यापारियों ने जांच का विरोध किया था, लेकिन उन्हें समझा-बुझाकर शांत कर दिया गया था.
सहायक खाद्य आयुक्त द्वितीय संजय प्रताप सिंह ने बताया कि साढ़े चार क्विंटल खोवा अलग-अलग स्थानों में नष्ट कराने की कार्रवाई की गई है.

