कानपुर पुलिस लाइन में 15 अक्टूबर को होमगार्ड भर्ती के मेडिकल परीक्षण के दौरान अभ्यर्थियों ने रिश्वत मांगने और जानबूझकर अनफिट घोषित करने के आरोप लगाए. मामले में एफआईआर दर्ज कर दो डॉक्टरों और एक ड्राइवर को हिरासत में लिया गया है, जबकि उस दिन की परीक्षा रद्द कर दी गई.

कानपुर. पुलिस लाइन में 15 अक्टूबर को आयोजित उत्तर प्रदेश होमगार्ड भर्ती के मेडिकल परीक्षण के दौरान रिश्वत मांगने के आरोप सामने आए हैं. अभ्यर्थियों ने आरोप लगाया कि कुछ डॉक्टर उन्हें जानबूझकर अनफिट घोषित कर रहे थे और मेडिकल में फिट करने के बदले 15 हजार से 50 हजार रुपये तक मांग रहे थे. हंगामे के बाद पुलिस ने मामला दर्ज कर दो डॉक्टरों और एक ड्राइवर को हिरासत में लिया है. उस दिन की भर्ती परीक्षा भी रद्द कर दी गई.

अनफिट करने का आरोप

मेडिकल परीक्षण में शामिल होने के लिए करीब 200 अभ्यर्थी पहुंचे थे. अभ्यर्थियों का दावा है कि ईएनटी विशेषज्ञ डॉ. प्रवीण कई युवाओं को नाक की हड्डी टेढ़ी होने या अन्य समस्या का हवाला देकर अनफिट बता रहे थे. उनके मुताबिक, करीब 70 से 80 अभ्यर्थियों को इस तरह अयोग्य घोषित किया गया.

अभ्यर्थियों ने आरोप लगाया कि मेडिकल में पास कराने के लिए उनसे पैसों की मांग की गई. उनका कहना है कि डॉक्टर एक पर्ची पर मोबाइल नंबर लिखकर देते थे और बाहर खड़ी गाड़ी के पास जाकर संबंधित लोगों से संपर्क करने को कहते थे.

50 हजार रुपये तक मांग

अभ्यर्थियों के अनुसार, मेडिकल परीक्षण में फिट घोषित करने के बदले 15 हजार से 50 हजार रुपये तक मांगे जा रहे थे. आरोप है कि जिन युवाओं के पास नकदी नहीं थी, उनसे गूगल पे जैसे ऑनलाइन माध्यमों से बैंक खाते में पैसे ट्रांसफर कराए गए.

अभ्यर्थियों ने यह भी दावा किया कि डॉक्टर की यूपी 78 जे 8030 नंबर वाली कार में बड़ी मात्रा में नकदी रखी गई थी. हालांकि, पुलिस ने जब कार की तलाशी ली तो उसका शीशा टूटा हुआ मिला और अंदर से कोई पैसा बरामद नहीं हुआ.

दो डॉक्टर समेत तीन हिरासत में

हंगामे की सूचना मिलने पर कोतवाली पुलिस और होमगार्ड जिला कमांडेंट प्रीति शर्मा मौके पर पहुंचीं. पुलिस के मुताबिक, पैसों के लेनदेन को लेकर कुछ अभ्यर्थियों और डॉक्टर के बीच हाथापाई भी हुई थी.

होमगार्ड कमांडेंट की शिकायत के आधार पर पुलिस ने एफआईआर दर्ज की है. मामले में ईएनटी डॉक्टर प्रवीण, ईएनटी सर्जन डॉ. द्विवेदी और उनके ड्राइवर अजीत को हिरासत में लिया गया है. पुलिस मामले की आगे जांच कर रही है.