कानपुर के कल्याणपुर क्षेत्र में शुक्रवार रात एलपीजी सिलेंडरों से भरे एक बेकाबू ट्रक ने मोटरसाइकिल सवार दो युवकों को रौंद दिया, जिससे दोनों की मौके पर ही मौत हो गई. पुलिस ने दोनों शवों को पोस्टमार्टम के लिए भेजकर राहगीरों की मदद से पकड़े गए आरोपी ट्रक चालक को हिरासत में ले लिया है.

कानपुर. कल्याणपुर थाना अंतर्गत आवास विकास नहर मार्ग पर शुक्रवार रात एक दर्दनाक सड़क हादसा हो गया. कल्याणपुर से पनकी की तरफ जा रहे इंडेन एलपीजी गैस सिलेंडरों से लदे एक तेज रफ्तार ट्रक ने मोटरसाइकिल सवार दो युवकों को बुरी तरह कुचल दिया. हादसे के बाद राहगीरों ने भाग रहे ट्रक चालक का करीब 200 मीटर तक पीछा कर उसे दबोच लिया और पुलिस को सौंप दिया.

परिजनों ने की शवों की शिनाख्त

दुर्घटना में जान गंवाने वाले युवकों की पहचान आदर्श नगर मसवानपुर निवासी 25 वर्षीय सचिन वाल्मीकि और 33 वर्षीय सूरज वाल्मीकि के रूप में हुई है. पुलिस ने जब दुर्घटनाग्रस्त बाइक के रजिस्ट्रेशन नंबर की जांच की, तो वाहन वीरेंद्र कुमार उर्फ गोलू के नाम पर दर्ज मिला. वीरेंद्र ने पुलिस को बताया कि उन्होंने अपनी बाइक बुआ के बेटे सचिन को दी थी. स्वजनों ने जानकारी दी कि दोनों रिश्तेदार थे और शाम को घूमने की बात कहकर घर से निकले थे.

चालक हिरासत में, कानूनी कार्रवाई जारी

घटनास्थल पर पहुंची पुलिस ने दोनों शवों को कब्जे में लेकर पंचनामा भरा और पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया. चौकी प्रभारी सचिन भाटी ने बताया कि आरोपी ट्रक चालक को हिरासत में ले लिया गया है. परिजनों से प्राप्त तहरीर के आधार पर मामला दर्ज कर अग्रिम वैधानिक कार्रवाई की जा रही है.