जयपुर। Kanwar Yatra 2026 को शांतिपूर्ण और सुरक्षित बनाने के लिए राजस्थान पुलिस ने सभी जिलों के लिए विस्तृत दिशा-निर्देश जारी किए हैं। पुलिस महानिदेशक राजीव कुमार शर्मा के निर्देश पर अतिरिक्त पुलिस महानिदेशक (कानून एवं व्यवस्था) वी.के. सिंह ने सभी पुलिस अधिकारियों को सुरक्षा व्यवस्था, यातायात प्रबंधन और पड़ोसी राज्यों के साथ बेहतर समन्वय सुनिश्चित करने के निर्देश दिए हैं।

30 जुलाई से 11 अगस्त तक हरिद्वार से गंगाजल लेकर लौटने वाले श्रद्धालुओं की आवाजाही को देखते हुए यह विशेष व्यवस्था लागू की गई है। पुलिस ने श्रद्धालुओं से सुरक्षा नियमों का पालन करने और प्रशासन का सहयोग करने की अपील की है।

कांवड़ यात्रियों के लिए विशेष एडवाइजरी

राजस्थान पुलिस ने यात्रियों से यात्रा के दौरान वैध पहचान पत्र साथ रखने की अपील की है। साथ ही केवल निर्धारित कांवड़ मार्गों का ही उपयोग करने के लिए कहा गया है। यदि किसी भी स्थान पर संदिग्ध गतिविधि, लावारिस वस्तु या कोई असामान्य स्थिति दिखाई दे, तो उसकी सूचना तुरंत स्थानीय पुलिस को देने की सलाह दी गई है।

हथियार और नशीले पदार्थों पर पूरी तरह रोक

यात्रा के दौरान हॉकी, डंडे, त्रिशूल, बेसबॉल बैट या किसी भी प्रकार के हथियार और नुकीली वस्तु ले जाना प्रतिबंधित रहेगा। इसके अलावा शराब और अन्य नशीले पदार्थों के सेवन पर भी पूरी तरह रोक रहेगी। नियमों का उल्लंघन करने वालों के खिलाफ कानूनी कार्रवाई की जाएगी।

दिल्ली-देहरादून एक्सप्रेसवे पर नहीं मिलेगी अनुमति

पुलिस ने स्पष्ट किया है कि दिल्ली-देहरादून एक्सप्रेसवे पर कांवड़ यात्रियों की पैदल या वाहन से आवाजाही पूरी तरह प्रतिबंधित रहेगी। इसके अलावा मालवाहक वाहनों में यात्रियों के परिवहन, निर्धारित सीमा से अधिक तेज आवाज वाले डीजे और धार्मिक उन्माद फैलाने वाले गीतों पर भी कार्रवाई की जाएगी।

24 घंटे सोशल मीडिया मॉनिटरिंग

यात्रा के दौरान सोशल मीडिया पर विशेष निगरानी रखी जाएगी। अफवाह फैलाने वाली पोस्ट और भ्रामक वीडियो पर तुरंत कार्रवाई की जाएगी। जरूरत पड़ने पर जिला पुलिस की ओर से तत्काल तथ्यात्मक जानकारी जारी कर अफवाहों का खंडन भी किया जाएगा।

10 मिनट में मौके पर पहुंचेगी पुलिस

फील्ड में तैनात अधिकारियों को निर्देश दिए गए हैं कि वाहन टकराव, पार्किंग विवाद या किसी भी छोटे विवाद की सूचना मिलने पर 10 मिनट के भीतर मौके पर पहुंचें। इसका उद्देश्य छोटे विवादों को बढ़ने से पहले नियंत्रित करना है।

संवेदनशील इलाकों में अतिरिक्त सुरक्षा

संवेदनशील और मिश्रित आबादी वाले क्षेत्रों में अतिरिक्त पुलिस बल तैनात रहेगा। छतों से निगरानी और वीडियोग्राफी भी कराई जाएगी। इसके अलावा सेवा शिविर मुख्य सड़क से दूर लगाए जाएंगे। महिला कांवड़ियों की सुरक्षा के लिए महिला पुलिसकर्मियों की तैनाती, एंटी-सबोटाज जांच, प्रभावी नाकाबंदी और एम्बुलेंस कॉरिडोर बनाए रखने के भी निर्देश दिए गए हैं।

राजस्थान पुलिस ने सभी श्रद्धालुओं से यात्रा के दौरान सुरक्षा नियमों का पालन करने, प्रशासन का सहयोग करने और किसी भी विवाद की स्थिति में कानून अपने हाथ में न लेने की अपील की है। किसी भी आपात स्थिति में तुरंत पुलिस को सूचना देने के लिए भी कहा गया है।

पढ़ें ये खबरें