परवेज खान, पंचकूला। 13 मई को तीनों नगर निगम चुनाव के नतीजे आने हैं। पूर्व कैबिनेट मंत्री और पंचकूला चुनाव प्रभारी कंवरपाल गुर्जर ने इससे पहले ही जीत का बड़ा दावा ठोक दिया है। इसे लेकर उन्होंने कहा कि तीनो नगर निगम में कमल का फूल खिलेगा और हमारे मेयर के पार्षद भी बड़े मार्जिन से जीत हासिल करेंगे।

कंवरपाल गुर्जर के बयान को लेकर यमुनानगर में नगर निगम चुनावों का सियासी माहौल पूरी तरह गरमा गया है। पंचकूला नगर निगम चुनाव के प्रभारी रहे कंवरपाल गुर्जर ने दावा किया है कि इस बार तीनों जिलों में भाजपा का कमल खिलने जा रहा है और पार्टी रिकॉर्ड मतों से जीत हासिल करेगी। उन्होंने कहा कि, जनता ने विकास और पारदर्शिता की राजनीति पर भरोसा जताया है। पूर्व कैबिनेट मंत्री ने दावा किया कि भाजपा के मेयर प्रत्याशी और पार्षद उम्मीदवार बड़े मार्जिन से जीत दर्ज करेंगे। उन्होंने कहा कि प्रदेश सरकार द्वारा किए गए विकास कार्यों का लाभ पार्टी को सीधे तौर पर मिल रहा है और जनता विपक्ष के बहकावे में आने वाली नहीं है। पंचकूला के स्ट्रांग रूम में लाइट गड़बड़ी के मुद्दे पर विपक्ष द्वारा उठाए जा रहे सवालों पर भी कँवरपाल गुर्जर ने तीखी प्रतिक्रिया दी।

उन्होंने कहा कि विपक्ष के पास कोई मुद्दा नहीं बचा है, इसलिए वह सिर्फ बेवजह की बयानबाजी कर रहा है। उन्होंने साफ कहा कि चुनाव प्रक्रिया पूरी तरह निष्पक्ष और पारदर्शी तरीके से संपन्न हुई है तथा प्रशासन पूरी मुस्तैदी के साथ काम कर रहा है। कँवरपाल गुर्जर ने विपक्ष पर निशाना साधते हुए कहा कि हार सामने देखकर विपक्षी दल घबराए हुए हैं। उन्होंने कहा कि जनता भाजपा के साथ मजबूती से खड़ी है और आने वाले नतीजे यह साबित कर देंगे कि प्रदेश में भाजपा की पकड़ पहले से ज्यादा मजबूत हुई है।