अजय सैनी, भिवानी. कारगिल विजय दिवस के उपलक्ष्य में द्वारका स्थित वेगास मॉल में आयोजित 5वीं कारगिल विजय दिवस हाफ मैराथन में देशभर से आए धावकों ने बड़े उत्साह और देशभक्ति के जज्बे के साथ भाग लिया। इस हाफ मैराथन के जरिए धावकों ने दौड़ लगाकर कारगिल युद्ध के अमर बलिदानियों को भावभीनी श्रद्धांजलि अर्पित की। इस मैराथन में भिवानी का प्रतिनिधित्व करते हुए स्थानीय सेक्टर-23 निवासी एवं पूर्व सैनिक श्रीपाल यादव तथा सेक्टर-13 निवासी एवं शिक्षा विभाग से सेवानिवृत्त रमेश श्योराण ने विशेष रूप से सहभागिता दर्ज कराई। दोनों ही हस्तियों ने दौड़ पूरी कर ना केवल शहीदों को नमन किया, बल्कि युवाओं को फिटनेस, अनुशासन और देशप्रेम का सशक्त संदेश भी दिया। देशप्रेम, समाज सेवा और स्वास्थ्य के प्रति हमेशा समर्पित रहने वाले पूर्व सैनिक श्रीपाल यादव लंबे समय से अपनी मैराथन यात्राओं के माध्यम से समाज को स्वस्थ जीवनशैली अपनाने के लिए प्रेरित कर रहे हैं।
मैराथन पूरी करने के बाद अपने विचार साझा करते हुए पूर्व सैनिक श्रीपाल यादव ने कहा कि देशप्रेम और देशभक्ति केवल सीमा पर तैनात सैनिकों तक सीमित नहीं है, बल्कि यह भारतवर्ष के प्रत्येक नागरिक का नैतिक कर्तव्य है। हम सभी अपनी-अपनी भूमिका निभाकर राष्ट्र निर्माण में अमूल्य योगदान दे सकते हैं। सेना से देश सेवा करने के बाद भी श्रीपाल यादव का जज्बा कम नहीं हुआ है। उन्होंने बताया कि सेवानिवृत्ति के बाद से ही वे स्वच्छ एवं हरित भिवानी के निर्माण के लिए धरातल पर लगातार प्रयासरत हैं। वे भिवानी को सुंदर, हरा-भरा और प्रदूषण मुक्त बनाने के लिए सामाजिक अभियानों से जुड़े हुए हैं।
पूर्व सैनिक श्रीपाल यादव ने देश की युवा शक्ति का आह्वान करते हुए कहा कि युवाओं को अपनी अपार ऊर्जा का उपयोग राष्ट्र और समाज के सकारात्मक निर्माण में करना चाहिए।
उन्होंने कहा कि नियमित मैराथन और खेलकूद जैसी गतिविधियां न केवल शरीर को निरोग बनाती हैं, बल्कि जीवन में अनुशासन और मानसिक मजबूती भी प्रदान करती हैं। एक स्वस्थ, अनुशासित और जागरूक नागरिक ही एक मजबूत समाज और अखंड राष्ट्र की मजबूत नींव रख सकता है।
- गरबा की धूम : W.E. बिलासपुर का एक्सक्लूसिव ‘सफेद शहरी गरबा’ बना यादगार उत्सव
- गोपालगंज में गैस रिसाव होने से भीषण हादसा, 2 मासूम बच्चों की मौत, 17 लोग गंभीर रूप से झुलसे
- मुजफ्फरपुर के बंदरा में देर रात भीषण अगलगी, चूल्हे की चिंगारी से 6 मकान जलकर खाक, लाखों की संपत्ति नष्ट
- पंजाब में एंटी-ड्रग्स एक्टिविस्ट की हत्या: राजस्थान से पकड़ा गया मुख्य आरोपी
- सावधान! उमराह यात्रा के नाम पर ऐसे हो रही ठगी: 5 लोगों से हड़पे 20 लाख, पैसे वापस मांगने पर देता था ईरान-इजराइल युद्ध का हवाला

