लक्ष्य वर्मा, करनाल। हरियाणा के करनाल जिले में जनगणना 2027 को लेकर प्रशासनिक हलचल तेज हो गई है। जिला सचिवालय में अतिरिक्त उपायुक्त डॉ. राहुल रईया की अध्यक्षता में आयोजित बैठक में जनगणना के कार्यों की समीक्षा की गई।

बैठक में स्पष्ट किया गया कि मकान सूचीकरण और गणना का कार्य समय सीमा के भीतर पूरा होना अनिवार्य है। अधिकारियों को सख्त निर्देश दिए गए हैं कि बिना उपायुक्त की अनुमति के किसी भी कर्मचारी की जनगणना डयूटी नहीं काटी जाएगी।

प्रशासन ने स्पष्ट किया है कि जिले का कोई भी घर या क्षेत्र गणना से वंचित नहीं रहना चाहिए। चार्ज ऑफिसर्स और सुपरवाइजरों को निर्देश दिए गए हैं कि वे अल्पसंख्यक आबादी वाले क्षेत्रों का दौरा कर नागरिकों को जागरूक करें ताकि डेटा जुटाने में कोई परेशानी न हो।

नजरी नक्शा तैयार कर उसे ऑनलाइन अपलोड करने की प्रक्रिया पर भी जोर दिया गया है। जो कर्मचारी डयूटी ज्वाइन करने में कोताही बरतेंगे, उनके खिलाफ नियमानुसार सख्त कार्रवाई की जाएगी। किसी भी तकनीकी सहायता के लिए हेल्पलाइन नंबर 0184-2265386 जारी किया गया है।