करनाल। महापौर रेणु बाला गुप्ता और भाजपा के पूर्व कार्यकारी जिलाध्यक्ष बृज गुप्ता ने कहा कि देश के लिए यह अत्यंत गौरवपूर्ण क्षण सिद्ध हुआ, जब केंद्रीय कैबिनेट ने प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी को लगातार कार्यकाल में सबसे लंबे समय तक सेवा देने वाले निर्वाचित प्रधानमंत्री के रूप में बधाई दी। उन्होंने इस उपलब्धि पर गहरा गर्व और सम्मान व्यक्त किया।


इस संदर्भ में महापौर रेणु बाला गुप्ता और भाजपा के पूर्व कार्यकारी जिलाध्यक्ष बृज गुप्ता ने अपने संयुक्त वक्तव्य में कहा कि यह क्षण केवल व्यक्तिगत उपलब्धि नहीं, बल्कि भारत के लोकतांत्रिक इतिहास में स्वर्णिम अध्याय के रूप में दर्ज होगा। प्रधानमंत्री मोदी का नेतृत्व “नए भारत” की वह परिकल्पना साकार कर रहा है, जिसमें विकास, सुशासन व जनकल्याण सर्वोच्च प्राथमिकता है।


उन्होंने कहा कि देश में जिस प्रकार से निरंतर और स्थिर नेतृत्व के माध्यम से नीतियों का क्रियान्वयन हुआ है, उसने भारत की वैश्विक छवि को नई ऊंचाइयों तक पहुंचाया है। यह उपलब्धि हर भारतीय के लिए गर्व का विषय है।


महापौर रेणु बाला गुप्ता और भाजपा के पूर्व कार्यकारी जिलाध्यक्ष बृज गुप्ता ने प्रधानमंत्री के 12 वर्षों के अभूतपूर्व कार्यकाल की सराहना करते हुए कहा कि यह अवधि भारत के लिए विकास, विश्वास और परिवर्तन का युग रही है। उन्होंने कहा कि गरीब कल्याण योजनाओं से लेकर आधारभूत ढांचे के विस्तार तक, हर क्षेत्र में ऐतिहासिक कार्य हुए हैं। प्रधानमंत्री के नेतृत्व में भारत ने आत्मनिर्भरता की दिशा में मजबूत कदम बढ़ाए हैं और वैश्विक मंच पर देश की सशक्त पहचान स्थापित हुई है। यह कार्यकाल आने वाली पीढ़ियों के लिए प्रेरणा का स्रोत रहेगा।

देश बनेगा और सशक्त

महापौर रेणु बाला गुप्ता और भाजपा के पूर्व कार्यकारी जिलाध्यक्ष बृज गुप्ता ने केंद्रीय कैबिनेट द्वारा प्रधानमंत्री के प्रति व्यक्त सम्मान को अत्यंत गरिमापूर्ण और ऐतिहासिक बताया। उन्होंने कहा कि सभी मंत्रियों द्वारा खड़े होकर दिया गया यह सम्मान प्रधानमंत्री के नेतृत्व, समर्पण और राष्ट्रसेवा के प्रति गहरे विश्वास का प्रतीक है। उन्होंने कहा कि यह दृश्य भारत के लोकतंत्र की मजबूती और जनविश्वास की शक्ति को दर्शाता है, जो आने वाले समय में देश को और अधिक प्रगति की ओर ले जाएगा।