करनाल। हरियाणा के करनाल जिले के घरौंडा में देर रात श्रद्धालुओं से भरे कैंटर के साथ बड़ा हादसा हो गया। मिनी बायपास के पास सड़क किनारे खड़े कैंटर के ऊपर से गुजर रही हाईटेंशन बिजली की लाइन उसके संपर्क में आ गई। इसके बाद वाहन में अचानक आग भड़क उठी।
बताया जा रहा है कि कैंटर में करीब 60 से 70 श्रद्धालु सवार थे और सभी राजस्थान के बागड़ धाम की ओर जा रहे थे। वाहन को सड़क किनारे रोका गया था। इसी दौरान ऊपर से गुजर रही हाईवोल्टेज बिजली की तार कैंटर के संपर्क में आ गई, जिसके बाद आग फैल गई।
आग लगते ही मची भगदड़
कैंटर में अचानक आग लगने से वहां मौजूद लोगों में अफरा-तफरी मच गई। वाहन में महिलाएं, पुरुष और बच्चे भी सवार थे। हादसे में करीब 15 से 20 लोगों के झुलसने की जानकारी सामने आई है। घटना के बाद मौके पर चीख-पुकार मच गई और लोग खुद को बचाने के लिए वाहन से बाहर निकलने की कोशिश करने लगे।
घायलों को अस्पताल पहुंचाया गया
हादसे की जानकारी मिलते ही घायलों को तत्काल अस्पताल ले जाया गया। वहां उनका उपचार जारी है। घटना के बाद आसपास के इलाके में भी हड़कंप मच गया। हादसे का मंजर देखकर मौके पर मौजूद लोग भी सहम गए।
फिलहाल सामने आई जानकारी के अनुसार हादसा हाईटेंशन बिजली लाइन के कैंटर के संपर्क में आने के बाद हुआ। घटना में घायल श्रद्धालुओं का इलाज चल रहा है।
Follow the LALLURAM.COM MP channel on WhatsApp
https://whatsapp.com/channel/0029Va6fzuULSmbeNxuA9j0m


