करनाल। हरियाणा के करनाल जिले से एक बेहद चौंकाने वाला मामला सामने आया है। यहां एक उपभोक्ता के घर में रखे एलपीजी सिलेंडर (LPG Cylinder) से गैस की जगह भारी मात्रा में पानी निकला है। जब अचानक चूल्हा बंद हो गया और सिलेंडर को हिलाया गया, तब जाकर इस पूरे फर्जीवाड़े (gas cylinder fraud) का खुलासा हुआ। पीड़ित शख्स जब सिलेंडर लेकर सीधे गैस एजेंसी (gas agency) पहुंचा, तो वहां मौजूद कर्मचारी भी दंग रह गए।

चूल्हा बंद हुआ तो खुली पोल

यह हैरान करने वाली घटना करनाल के कुंजपुरा (Kunjpura, Karnal) इलाके की है। यहां के रहने वाले राजेश कुमार ने बताया कि उन्होंने बीती 10 मई को नया गैस सिलेंडर लगाया था। गुरुवार रात जब घर में खाना बन रहा था, तो अचानक गैस चूल्हा बंद हो गया। राजेश ने जब सिलेंडर को हिलाकर दोबारा चालू करने की कोशिश की, तो वह फिर बंद हो गया। शक होने पर उन्होंने सिलेंडर को उठाकर जोर से हिलाया, तो अंदर से पानी के छलकने की आवाज आई। इसके बाद वे अगले ही दिन सुबह सिलेंडर लेकर सीधे एजेंसी पहुंच गए।

सिलेंडर से निकला 10 किलो पानी

राजेश कुमार ने गैस एजेंसी के मालिक और वहां मौजूद कर्मचारियों के सामने ही सिलेंडर का वॉल्व खोला। जैसे ही सिलेंडर को उल्टा किया गया, उसमें से झर-झर कर पानी बहने लगा। तौल करने पर पता चला कि सिलेंडर के भीतर करीब 10 किलो पानी भरा हुआ था। उपभोक्ता ने आरोप लगाया कि सिर्फ 18 दिन में ही पूरी गैस खत्म हो गई क्योंकि अंदर गैस की जगह पानी भरा हुआ था। यह सीधे तौर पर आम जनता की जेब पर डाका और बड़ा धोखा (cheating with consumer) है।

मुआवजा देकर मामला रफा-दफा करने की कोशिश

जब एजेंसी के दफ्तर में हंगामा बढ़ने लगा और वहां लोगों की भीड़ जुटने लगी, तो एजेंसी संचालक ने अपनी साख बचाने के लिए हाथ-पैर मारने शुरू कर दिए। मामला शांत कराने के लिए संचालक ने पीड़ित उपभोक्ता को ₹400 का मुआवजा (compensation offer) देकर बात दबाने की कोशिश की।

पीड़ित राजेश कुमार ने इस पर नाराजगी जताते हुए कहा कि जितनी गैस इस्तेमाल हुई, उतने पैसे काट लिए गए और बाकी के नाम पर महज ₹400 थमा दिए गए। उन्होंने सवाल उठाया कि आज के समय में जब रसोई गैस इतनी महंगी (expensive LPG rate) है, तो कंपनियों और एजेंसियों के स्तर पर ऐसी लापरवाही और मिलावटखोरी क्यों हो रही है? स्थानीय लोगों ने इस मामले में जिला प्रशासन और खाद्य आपूर्ति विभाग (Food and Supplies Department) से सख्त कानूनी कार्रवाई की मांग की है।