करनाल. केंद्र सरकार के गौरवशाली 12 वर्ष पूरे होने के उपलक्ष्य में आज पंचायत भवन के सभागार में जन कल्याण शिविर का आयोजन किया गया। शिविर में महापौर रेनूबाला गुप्ता ने मुख्य अतिथि के रूप में शिरकत की। कार्यक्रम का शुभारंभ मुख्य अतिथि द्वारा दीप प्रज्वलित करके किया गया।
इस अवसर पर महापौर ने विभिन्न विभागों द्वारा लगाई गई स्टालों का अवलोकन किया और केंद्र सरकार के 12 साल पूरे होने के उपलक्ष्य में आयोजित जनकल्याण एवं जन-जागरूकता अभियान के अंतर्गत सूचना, जनसंपर्क एवं भाषा विभाग हरियाणा द्वारा लगाई गई प्रदर्शनी का उद्घाटन एवं अवलोकन किया। आज आयोजित शिविर में लगभग 50 लोगों ने पहुंचकर सरकार द्वारा चलाई जा रही योजनाओं का लाभ उठाया।
इस अवसर पर महापौर रेनू बाला गुप्ता ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के 12 वर्षों के बेमिसाल और ऐतिहासिक नेतृत्व में देश वैभवशाली, गौरवशाली, आत्मनिर्भर और विकसित बनने की दिशा में तेजी से आगे बढ़ रहा है। इसी कड़ी में हरियाणा के मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी भी नॉन-स्टॉप कार्य करते हुए विकास योजनाओं का लाभ अंतिम पंक्ति में खड़े व्यक्ति तक पहुंचा रहे हैं। उन्होंने कहा कि मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी के नेतृत्व में मुख्यमंत्री तीर्थ यात्रा योजना के तहत बुजुर्गों के तीर्थ दर्शन के सपने को साकार किया जा रहा है।
उन्होंने केंद्रीय मंत्री मनोहर लाल का भी आभार जताते हुए कहा कि उनके द्वारा बनाई गई पारदर्शी नीतियों के कारण ही आज प्रदेश स्वच्छता, सुशासन और चहुंमुखी विकास में देश भर में आगे बढ़ रहा है।
महापौर ने कहा कि वर्ष 2014 के बाद देश में सडक़ों का जो जाल बिछा है, उसने न केवल शहरों और गांवों की कनेक्टिविटी को सुधारा है, बल्कि हमारी आर्थिक व्यवस्था और व्यापार को भी नई मजबूती दी है।
रेलवे के क्षेत्र में हुए अभूतपूर्व सुधारों और वंदे भारत जैसी आधुनिक ट्रेनों के संचालन से यात्रियों का सफर अब बेहद सुगम और कम समय में पूरा होने लगा है। उन्होंने कहा कि बेटी बचाओ, बेटी पढ़ाओ अभियान से बेटियों को संबल मिला है। आज लखपति दीदी योजना और स्वयं सहायता समूहों के माध्यम से महिलाएं आत्मनिर्भर हो रही हैं। रेहड़ी-फड़ी वालों को भी स्वरोजगार के लिए लोन देकर मजबूत बनाया गया है। उन्होंने उम्मीद जताई कि राजनीति में महिलाओं को उचित संरक्षण देने के लिए लाया गया नारी शक्ति वंदन अधिनियम विपक्ष की नकारात्मक भूमिका के बावजूद आने वाले समय में पूरी तरह फलीभूत होगा।

उन्होंने कहा कि केंद्र व राज्य सरकार द्वारा विभिन्न जन कल्याणकारी योजनाएं चलाई जा रही हैं। हर घर नल से जल योजना के तहत दूर-दराज के पहाड़ी और रेगिस्तानी इलाकों तक पानी पहुंचाया गया। वंदे भारत जैसी ट्रेनों के माध्यम से देश में कनेक्टिविटी को अत्यधिक सुदृढ़ और आधुनिक किया गया है। आज बुजुर्गों की पेंशन को सीधा उनके बैंक खातों में भेजा जा रहा है। वहीं आयुष्मान व चिरायु हरियाणा जैसी योजनाओं के तहत महिलाओं और पात्र परिवारों को मुफ्त इलाज और जांच की सुविधा दी जा रही है। उन्होंने कहा कि कोविड काल में देश को सुरक्षित रखते हुए 81 करोड़ से अधिक लोगों तक मुफ्त राशन पहुंचाया गया और दुनिया के अन्य देशों को भी वैक्सीन की मदद दी गई। सेना के मनोबल पर बात करते हुए उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री खुद जवानों के बीच त्योहार मनाते हैं। वन रैंक, वन पेंशन देकर सैनिकों का आत्मसम्मान बढ़ाया गया है और आज देश की रक्षा के लिए विदेशी ताकतों को मुंहतोड़ जवाब दिया जा रहा है। उन्होंने कहा कि वर्ष 2014 से पहले गरीब के बच्चे को नौकरी के लिए जमीन बेचनी पड़ती थी या सिफारिशें ढूंढनी पड़ती थीं। लेकिन सरकार ने व्यवस्था को बदलते हुए योग्यता (मेरिट) के आधार पर बिना पर्ची, बिना खर्ची के युवाओं को रोजगार दिया है।
महापौर ने कहा कि पर्यावरण को बचाने के लिए प्रधानमंत्री के एक पेड़ मां के नाम अभियान से देश और हरियाणा में बड़े स्तर पर हरियाली बढ़ाने का काम किया जा रहा है। इसके अतिरिक्त मन की बात कार्यक्रम के जरिए देश के कोने-कोने के हुनर और रोजगार को मंच मिला है। सरकार की खेल नीतियों के कारण ही आज हमारे खिलाड़ी विश्व स्तर पर देश का नाम रोशन कर रहे हैं। उन्होंने कहा कि यह 12 साल के अटूट विश्वास की यात्रा है जो अंत्योदय के संकल्प के साथ निरंतर जारी रहेगी। देश को तीसरी सबसे बड़ी अर्थव्यवस्था और विश्व गुरु बनाने के लिए हम सबको मिलकर प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के विकसित भारत के संकल्प में अपना सहयोग देना चाहिए। इस अवसर पर एसडीएम देवेंद्र शर्मा, डीआईपीआरओ सत्यवान महिवाल सहित विभिन्न विभागों के अधिकारी व कर्मचारी उपस्थित रहे।
जन कल्याण शिविर में इन विभागों के स्टॉल उपलब्ध
जन कल्याण शिविर में जिला परिषद, नगर निगम, क्रिड, स्वास्थ्य विभाग, आयुष विभाग, समाज कल्याण विभाग, रेडक्रॉस, कृषि विभाग, पशुपालन विभाग, बागवानी विभाग, रोजगार विभाग, जिला औद्योगिक केंद्र एमएसएमई, पीएनबी, बिजली निगम आदि विभागों द्वारा स्टॉल लगाए जा रहे हैं। आमजन 18 जून तक सुबह 10 बजे से दोपहर 3 बजे तक पंचायत भवन के सभागार में आयोजित होने वाले इस शिविर में पहुंचकर अपनी समस्याओं का समाधान करवाएं और सरकार की विभिन्न योजनाओं की जानकारी प्राप्त कर उनका सीधा लाभ उठाएं।
- यमुनानगर में मानसून से पहले चौटांग नाले की सफाई तेज, 30 जून तक पूरा होगा बाढ़ बचाव कार्य
- इंडोनेशिया में जोरदार भूकंप से कांप उठी धरती, 6.7 की तीव्रता से पालू में मची अफरा-तफरी, आफ्टरशॉक्स की चेतावनी प्रशासन ने दी
- छेड़खानी का विरोध करने पर छात्रा के चाचा की बेरहमी से हत्या, एक गिरफ्तार
- नारनौल के मेडिकल कॉलेज में लगा पहला रक्तदान शिविर, लोगों ने उत्साह के साथ डोनेट की 51 यूनिट रक्त
- मानसून से पहले गार्डन की करें खास तैयारी, ये 6 आसान टिप्स रखेंगे पौधों को हरा-भरा और स्वस्थ …

