करनाल: हरियाणा के करनाल में सोमवार देर रात टेंट कारोबारी के साथ मारपीट और फायरिंग का मामला सामने आया है। आरोप है कि खुद को जज का गनमैन बताने वाले एक पुलिसकर्मी ने कारोबारी के सिर पर बंदूक की बट से हमला किया और इसके बाद उसके बेटे, भतीजे और दोस्त के बेटे की तरफ फायरिंग कर दी। तीनों ने गाड़ियों के पीछे छिपकर अपनी जान बचाई।
मामला करनाल के सिविल लाइन थाना क्षेत्र का बताया जा रहा है। पुलिस ने शिकायत के आधार पर केस दर्ज कर आरोपी पुलिसकर्मी को हिरासत में ले लिया है। आरोपी की पहचान अरुण संधु के रूप में हुई है। बताया जा रहा है कि वह स्पेशल पुलिस ऑफिसर (SPO) है और एडिशनल सेशन जज के गनमैन के तौर पर तैनात है।
गाड़ी से लोहे का सामान निकालने को लेकर हुआ विवाद
शिकायत के मुताबिक, आरोपी पहले टेंट कारोबारी की गाड़ी में घुस गया और उसमें रखा लोहे का सामान निकालने लगा। कारोबारी ने इसका विरोध किया तो दोनों के बीच विवाद हो गया। आरोप है कि इसी दौरान पुलिसकर्मी ने बंदूक की बट से कारोबारी के सिर पर वार कर दिया।
कारोबारी के बेटे और भतीजे पर फायरिंग का आरोप
मारपीट के बाद मामला और गंभीर हो गया। आरोप है कि आरोपी ने कारोबारी के बेटे, भतीजे और उसके दोस्त के बेटे की ओर बंदूक से फायरिंग कर दी। तीनों ने मौके पर खड़ी गाड़ियों के पीछे छिपकर अपनी जान बचाई।
शिकायतकर्ता के अनुसार, फायरिंग के दौरान एक गोली गाड़ी के शीशे पर लगी, जबकि दूसरी गोली गाड़ी के पीछे से निकल गई। घटना के बाद मौके पर अफरा-तफरी मच गई।
पुलिस ने आरोपी SPO को हिरासत में लिया
घटना की सूचना मिलने के बाद सिविल लाइन थाना पुलिस मौके पर पहुंची। पुलिस ने शिकायत के आधार पर आरोपी अरुण संधु के खिलाफ मामला दर्ज कर उसे हिरासत में ले लिया है। मामले में पुलिस आगे की जांच कर रही है और फायरिंग में इस्तेमाल हथियार तथा घटना से जुड़े अन्य पहलुओं की भी जांच की जा रही है।
- हथियार के दम पर बैकिंग कर्मी से लूटपाट, एसडीपीओ बोलीं- जल्द शिकंजे में होंगे अपराधी
- UPI पर MDR लगने से ट्रांजैक्शन पर बड़ा असर? RBI गवर्नर ने बतायी पूरी बात, 15 अक्टूबर से यूपीआई पर चार्ज लागू हो रहा
- अमृतसर में हथियार सप्लाई गिरोह का पर्दाफाश, 8 आरोपी गिरफ्तार; 15 पिस्तौल, मैगजीन और कारतूस बरामद
- पति की उम्र बनी IVF में रोड़ा, हाईकोर्ट ने कहा- पत्नी को सिर्फ पति की उम्र के आधार पर इलाज से नहीं रोक सकते
- Jio ने पेश Smart Shop टेक्नोलॉजी! ग्राहकों की पूरी हिस्ट्री रखेगा दुकानदार का नया डैशबोर्ड

