लक्ष्य वर्मा, करनाल। महापौर और अखिल भारतीय महापौर परिषद की अध्यक्ष रेणु बाला गुप्ता ने सुवेंदु अधिकारी को पश्चिम बंगाल के पहले भाजपा मुख्यमंत्री के रूप में शपथ लेने पर हार्दिक बधाई दी है। उन्होंने विश्वास जताया कि सुवेंदु अधिकारी का नेतृत्व बंगाल में विकास और सुशासन के नए युग की शुरुआत करेगा।

महापौर ने अपने संदेश में कहा कि सुवेंदु अधिकारी समाज के सभी वर्गों के हितों के प्रति समर्पित रहे हैं। उनकी जनप्रिय छवि और मजबूत नेतृत्व क्षमता से बंगाल में भाजपा संगठन को नई ऊर्जा मिलेगी। उन्होंने सुवेंदु अधिकारी को एक प्रभावशाली और संघर्षशील नेता बताते हुए कहा कि उन्होंने सदैव राष्ट्रहित और जनसेवा को प्राथमिकता दी है। रेणु बाला गुप्ता ने वर्ष 2021 के विधानसभा चुनाव में नंदीग्राम से उनकी ऐतिहासिक जीत का जिक्र करते हुए कहा कि उस जीत ने राज्य की राजनीति को नई दिशा देने का काम किया था।

उन्होंने आगे कहा कि सुवेंदु अधिकारी का जीवन कार्यकर्ताओं के लिए प्रेरणास्रोत है। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की नीतियों को जन-जन तक पहुँचाने में उनकी भूमिका अहम रही है। महापौर ने उम्मीद जताई कि उनके नेतृत्व में पश्चिम बंगाल प्रगति के नए आयाम स्थापित करेगा और राष्ट्रवादी विचारधारा को मजबूती मिलेगी।