सुमन राजपूत, करनाल। सोमवार को नगर निगम कार्यालय में महापौर रेणु बाला गुप्ता ने पारिवारिक एवं आत्मीय वातावरण में नागरिकों से सीधे मुलाकात कर उनकी समस्याओं को गंभीरता से सुना। जनसुनवाई के दौरान कई मामलों का मौके पर ही समाधान सुनिश्चित किया गया, जबकि अन्य लंबित मुद्दों के त्वरित निस्तारण के संदर्भ में संबंधित अधिकारियों को स्पष्ट एवं आवश्यक दिशा-निर्देश दिए गए।

इस अवसर पर नागरिकों के साथ जनहित से जुड़े विभिन्न विषयों पर विस्तार से संवाद हुआ। महापौर ने कहा कि नगर निगम केवल प्रशासनिक संस्था नहीं, बल्कि जनता की सेवा और समस्याओं के समाधान के लिए समर्पित एक जिम्मेदार व्यवस्था है, जिसका मूल उद्देश्य हर नागरिक तक सुविधाओं का समय पर पहुंचना है।

महापौर रेणु बाला गुप्ता ने स्पष्ट किया कि शहर की स्वच्छता, बेहतर सड़कें, जल निकासी व्यवस्था, स्ट्रीट लाइट एवं अन्य बुनियादी सुविधाओं को और अधिक मजबूत एवं प्रभावी बनाने के लिए नगर निगम लगातार प्रयासरत है। उन्होंने कहा कि किसी भी विकसित शहर की नींव केवल सरकारी प्रयासों से नहीं, बल्कि जनता की सक्रिय भागीदारी से मजबूत होती है।

उन्होंने नागरिकों से अपील की कि वे अपनी समस्याओं को खुलकर प्रशासन के समक्ष रखें, ताकि नगर निगम अधिक प्रभावी ढंग से कार्य कर सके और हर क्षेत्र में त्वरित सुधार सुनिश्चित किया जा सके। उन्होंने यह भी कहा कि जनता का विश्वास, सहयोग और सुझाव ही शहर के सतत विकास की सबसे बड़ी शक्ति है।

सामूहिक प्रयासों से बदलेगी सूरत महापौर ने विश्वास व्यक्त किया कि सामूहिक प्रयासों से करनाल शहर को स्वच्छता, आधुनिक सुविधाओं और विकास के क्षेत्र में नई पहचान दिलाई जा सकेगी ताकि एक आदर्श एवं सशक्त नगर के रूप में इसे स्थापित किया जा सके।