करनाल: हरियाणा में करनाल के मेरठ रोड पर शेखपुरा गांव के पास अचानक सामने आए स्पीड ब्रेकर के कारण एक आर्मी ट्रक बेकाबू होकर भीषण हादसे का शिकार हो गया। संतुलन बिगड़ने और डिवाइडर से टकराने के बाद ट्रक का टायर फट गया, जिससे ट्रक ने सड़क पर जा रही एक एक्टिवा को जोरदार टक्कर मार दी।

इस हादसे में एक्टिवा पर सवार पिता-पुत्र घायल हो गए। इसके बाद बेकाबू ट्रक ने सड़क किनारे खड़ी ईको वैन को टक्कर मारी और उसे घसीटते हुए सड़क से नीचे खाई में उतर गया। हादसे में ट्रक में सवार सभी जवान सुरक्षित बच गए।

डिवाइडर से टकराने के बाद फटा ट्रक का टायर, मची अफ़रातफ़री

प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक, आर्मी ट्रक मेरठ रोड से गुजर रहा था। जैसे ही ट्रक शेखपुरा गांव के पास पहुंचा, वहां बने स्पीड ब्रेकर के कारण अचानक ड्राइवर का नियंत्रण छूट गया और ट्रक डिवाइडर से जा टकराया। इसी दौरान तेज धमाके के साथ ट्रक का टायर फट गया, जिससे वाहन पूरी तरह बेकाबू हो गया। ट्रक की चपेट में आने से एक्टिवा सवार पिता-पुत्र सड़क पर गिर पड़े, जिन्हें राहगीरों और स्थानीय लोगों ने तुरंत उपचार के लिए पास के अस्पताल में भर्ती कराया।

ईको वैन को घसीटते हुए खाई में उतरा ट्रक, टला बड़ा हादसा

एक्टिवा को टक्कर मारने के बाद भी अनियंत्रित ट्रक नहीं रुका और उसने सड़क किनारे खड़ी एक ईको वैन को अपनी चपेट में ले लिया। टक्कर इतनी भीषण थी कि ईको वैन बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गई और ट्रक उसे काफी दूर तक घसीटता हुआ सड़क से नीचे खाई में ले जाकर रुका। गनीमत यह रही कि दुर्घटना के वक्त ईको वैन के भीतर कोई भी व्यक्ति मौजूद नहीं था, जिससे एक बड़ा हादसा होने से टल गया।

ईको ड्राइवर ने बताई हादसे की वजह, दोनों घायलों की टांग में आई चोट

ईको वैन के ड्राइवर दिनेश कुमार ने बताया कि ट्रक अपनी रफ्तार में था और अचानक स्पीड ब्रेकर आ जाने से उसका संतुलन बिगड़ गया। सबसे पहले ट्रक डिवाइडर से टकराया, जिसके बाद एक्टिवा सवार पिता-पुत्र इसकी चपेट में आए। दिनेश के अनुसार हादसे में पिता और पुत्र दोनों की टांगों में गंभीर चोट आई है। एक्टिवा को टक्कर मारने के तुरंत बाद अनियंत्रित ट्रक ने उनकी खड़ी वैन को टक्कर मार दी और घसीटते हुए खाई में ले गया।

आए दिन होते हैं हादसे, दुकानदारों ने स्पीड ब्रेकर हटाने की मांग की

हादसे के बाद स्थानीय दुकानदारों और ग्रामीणों में रोष देखने को मिला। स्थानीय दुकानदार लखविंद्र और अन्य लोगों का कहना है कि इस स्थान पर बने स्पीड ब्रेकर के कारण आए दिन दुर्घटनाएं होती रहती हैं। तेजी से आ रहे वाहन चालकों को सामने बना ब्रेकर अचानक दिखाई देता है, जिससे गाड़ियों का संतुलन बिगड़ जाता है। स्थानीय लोगों ने प्रशासन से मांग की है कि इस खतरनाक ब्रेकर को तुरंत हटाया जाए ताकि भविष्य में होने वाले हादसों पर रोक लग सके।

Follow the LALLURAM.COM MP channel on WhatsApp
https://whatsapp.com/channel/0029Va6fzuULSmbeNxuA9j0m