करनाल. नगर निगम करनाल की नव नियुक्त आयुक्त सलोनी शर्मा से निगम के पार्षदों का परिचय करवाने के उद्देश्य से शुक्रवार को नगर निगम कार्यालय के सभागार में एक परिचय एवं समन्वय बैठक आयोजित की गई। बैठक की अध्यक्षता महापौर रेणु बाला गुप्ता ने की। बैठक के दौरान सभी पार्षदों ने अपना परिचय देते हुए अपने-अपने वार्डों से संबंधी जानकारी से निगमायुक्त को अवगत कराया।
बैठक को संबोधित करते हुए महापौर रेणु बाला गुप्ता ने कहा कि नगर निगम के सभी पार्षद सकारात्मक सोच और जनहित की भावना के साथ कार्य कर रहे हैं। सभी का उद्देश्य करनाल शहर को विकास, स्वच्छता और बेहतर नागरिक सुविधाओं के क्षेत्र में नई पहचान दिलाना है। उन्होंने कहा कि शहर में विभिन्न विकास परियोजनाओं पर तेजी से कार्य किया जा रहा है, जिनका लाभ सीधे तौर पर शहरवासियों को मिल रहा है। उन्होंने कहा कि करनाल शहर को केन्द्रीय ऊर्जा, आवासन एवं शहरी कार्य मंत्री मनोहर लाल का निरंतर मार्गदर्शन प्राप्त हो रहा है। उनके नेतृत्व एवं दूरदर्शी सोच के कारण करनाल ने विकास और स्वच्छता के क्षेत्र में राष्टï्रीय स्तर पर अपनी अलग पहचान बनाई है। उन्होंने विश्वास व्यक्त किया कि नगर निगम की नई आयुक्त के नेतृत्व में विकास कार्यों को और अधिक गति मिलेगी।
उन्होंने कहा कि वर्तमान में शहर की व्यवस्थाएं संतोषजनक हैं, लेकिन उन्हें और अधिक बेहतर बनाने के लिए लगातार प्रयास किए जा रहे हैं। नगर निगम के सभी पार्षद अपने-अपने वार्डों में सक्रिय रहकर नागरिकों की समस्याओं का समाधान कराने के लिए निरंतर कार्य कर रहे हैं। उन्होंने कहा कि निगम और जनप्रतिनिधियों के बीच बेहतर समन्वय से विकास कार्यों को और अधिक प्रभावी ढंग से क्रियान्वित किया जा सकेगा। बैठक के दौरान विभिन्न पार्षदों ने अपने विचार रखते हुए शहर के विकास, सौंदर्यीकरण एवं स्वच्छता के प्रति अपनी प्रतिबद्धता व्यक्त की। उन्होंने नगर निगम आयुक्त को आश्वस्त किया कि वे प्रत्येक जनहित अभियान में निगम प्रशासन के साथ मिलकर कार्य करेंगे और सरकार की योजनाओं को आमजन तक पहुंचाने में सक्रिय भूमिका निभाएंगे।
पार्षदों ने शहर की यातायात व्यवस्था, पार्किंग प्रबंधन, अतिक्रमण हटाने एवं आधारभूत सुविधाओं के विस्तार तथा वार्डों की प्राथमिक आवश्यकताओं से जुड़े विभिन्न विषय भी निगमायुक्त के समक्ष रखे। उन्होंने अपेक्षा व्यक्त की कि इन विषयों पर प्राथमिकता के आधार पर कार्रवाई की जाएगी।
नगर निगम आयुक्त सलोनी शर्मा ने सभी पार्षदों का आभार व्यक्त करते हुए अपना परिचय दिया तथा कहा कि करनाल पहले से ही एक व्यवस्थित, स्वच्छ एवं सुंदर शहर है। उन्होंने कहा कि शहर की साफ-सफाई व्यवस्था बेहतर है और इसे भविष्य में और अधिक उत्कृष्टï बनाने की दिशा में योजनाबद्ध तरीके से कार्य किया जाएगा। उन्होंने बताया कि कार्यभार ग्रहण करने के बाद नगर निगम की सभी शाखाओं के अधिकारियों के साथ क्रमवार समीक्षा बैठकें आयोजित की जा चुकी हैं। प्रत्येक शाखा के कार्यों, चुनौतियों और आवश्यकताओं का विस्तार से अध्ययन किया गया है तथा शहर के विभिन्न वार्डों का भी निरीक्षण किया गया है, ताकि जमीनी स्तर की वास्तविक स्थिति का आकलन किया जा सके।
निगमायुक्त ने कहा कि सभी विभागों के साथ विस्तृत विचार-विमर्श के आधार पर शहर के समग्र विकास का एक व्यापक रोडमैप तैयार किया जा रहा है। इस रोडमैप के माध्यम से आधारभूत सुविधाओं को मजबूत करने, स्वच्छता व्यवस्था को और बेहतर बनाने, सौंदर्यीकरण, यातायात प्रबंधन, जलापूर्ति, सीवरेज, हरित क्षेत्र विस्तार तथा नागरिक सुविधाओं में गुणात्मक सुधार पर विशेष ध्यान दिया जाएगा। उन्होंने कहा कि उद्देश्य केवल विकास कार्य करवाना नहीं, बल्कि करनाल को देश के सर्वश्रेष्ठ मानकों वाले शहरों की श्रेणी में स्थापित करना है।
उन्होंने महापौर एवं सभी पार्षदों को आश्वस्त किया कि नगर निगम प्रशासन पूरी निष्ठा, पारदर्शिता और जवाबदेही के साथ कार्य करेगा तथा जनप्रतिनिधियों के सुझावों को प्राथमिकता देते हुए विकास कार्यों को गति दी जाएगी।
निगमायुक्त ने सभी पार्षदों से आग्रह किया कि प्रत्येक माह अपने-अपने वार्डों में वार्ड समिति की बैठक अनिवार्य रुप से आयोजित करवाएं। इन बैठकों में स्थानीय नागरिकों की समस्याओं, आवश्यकताओं एवं विकास कार्यों की प्राथमिकताओं पर चर्चा कर उन्हें नगर निगम तक पहुंचाया जाए, ताकि योजनाओं का प्रभावी एवं समयबद्ध क्रियान्वयन सुनिश्चित किया जा सके। बैठक में अतिरिक्त निगम आयुक्त अशोक कुमार, संयुक्त आयुक्त दलजीत सिंह, उप निगम आयुक्त विनोद नेहरा, अधीक्षण अभियंता पुनीत कुमार सहित नगर निगम के अन्य अधिकारी एवं सभी पार्षद तथा मनोनीत पार्षद उपस्थित रहे।
- मोगा में लाउडस्पीकर, डीजे और पटाखों पर सख्त पाबंदी, 31 अगस्त तक लागू रहेंगे नए नियम
- सावरकर को भारत रत्न देने में देरी : अपनी ही सरकार से नाराज़ हुए MLA सुधीर मुनगंटीवार, विधानसभा में उठाए तीखे सवाल
- ‘हरियाणा में सरकार नहीं, गैंग चला रहे हैं राज’, रंगदारी की वारदातों को लेकर रणदीप सुरजेवाला का भाजपा पर बड़ा हमला
- पंचकूला को ‘ नंबर -1 सिटी’ बनाने का रोडमैप, मुख्यमंत्री सैनी ने पार्कों में रिचार्ज वैल और स्लम फ्री शहर बनाने के निर्देश
- CG IPS Transfer : 24 आईपीएस अधिकारियों का तबादला, 12 जिलों के बदले गए एसपी, आदेश जारी

