करनाल। हरियाणा के करनाल जिले में निगदू थाना क्षेत्र के सांभली गांव में जान से मारने की धमकी मिलने की सूचना पर पहुंची पुलिस टीम के साथ दो युवकों ने मारपीट की। 21 अगस्त की रात करीब 12:36 बजे हुई इस घटना में एक आरोपी युवक ने हाथ में पहने कड़े से स्पेशल पुलिस ऑफिसर (SPO) राकेश कुमार पर हमला कर दिया。 इस हमले में SPO के दाहिने हाथ में चोट आई है और उनकी वर्दी भी फट गई। पुलिस ने मौके से एक आरोपी को पकड़ लिया, जबकि दूसरा भागने में कामयाब रहा।
पहली कॉल पर पहुंची पुलिस, महिला ने अगली सुबह शिकायत देने को कहा
घटनाक्रम की शुरुआत 20 अगस्त की रात 11:46 बजे हुई, जब ईआरवी-426 के इंचार्ज SPO राकेश को जान से मारने की धमकी का इवेंट मिला। सूचना देने वाली महिला ने बताया कि गांव का एक व्यक्ति फोन पर उसे धमकी दे रहा है। उसने सुबह अपने पति के साथ मारपीट होने और बच्चों को स्कूल ले जाते समय धमकी मिलने की बात कही। सूचना पर पुलिस टीम सांभली पहुंची, लेकिन मौके पर कोई संदिग्ध नहीं मिला। महिला ने अगली सुबह सीतामाई पुलिस चौकी में लिखित शिकायत देने की बात कही, जिसके बाद इवेंट को बंद कर दिया गया।
दोबारा खतरा बताने पर पहुंची पुलिस पर हमला
इसके बाद 21 अगस्त को रात 12:36 बजे पुलिस को दोबारा उसी जगह से कॉल मिली। इस बार महिला के पति संजय ने अपनी जान को खतरा बताते हुए पुलिस की जरूरत जताई। पुलिस टीम दोबारा गांव पहुंची, जहां संजय की पत्नी ने बताया कि बाइक सवार दो युवक अभी धमकी देकर गए हैं। सामने से आ रहे बाइक सवारों को रोककर जब पुलिस ने नाम पूछा, तो उन्होंने अपनी पहचान सांभली निवासी अक्षय पुत्र नरेश और सौरव पुत्र राजकुमार के रूप में दी। बाइक को अक्षय चला रहा था।
सिर पर कड़े से वार, पुलिस ने दर्ज किया केस
इसी दौरान पहले से मिली सूचना पर ड्यूटी अफसर एएसआई करनैल सिंह भी मौके पर पहुंचे। पुलिस को देखते ही अक्षय ने मोटरसाइकिल खड़ी की और हाथ में पहने कड़े से SPO राकेश के सिर पर वार कर दिया। राकेश ने बचाव में अपना दाहिना हाथ आगे किया, जिससे कड़ा उनके हाथ पर लगा और वे चोटिल हो गए। घटना के बाद घायल पुलिसकर्मी का मेडिकल कराया गया और पुलिस चौकी में शिकायत दी गई, जिसके आधार पर आरोपियों के खिलाफ मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी गई है।
Follow the LALLURAM.COM MP channel on WhatsApp
https://whatsapp.com/channel/0029Va6fzuULSmbeNxuA9j0m

