करनाल। हरियाणा के करनाल स्थित शेखपुरा पुलिया के पास बीती शाम करीब 8 बजे एक दर्दनाक सड़क हादसे में दो बुजुर्ग महिलाओं की मौत हो गई. मृतकों की पहचान शेखपुरा पुलिया निवासी प्रीतो देवी (60) और सत्तो देवी (62) के रूप में हुई है. दोनों महिलाएं करनाल की अनाज मंडी में काम करती थीं और काम निपटाकर रिक्शे से अपने घर लौट रही थीं. पुलिस ने शवों को कब्जे में लेकर मॉच्युरी में रखवा दिया है और अज्ञात कार चालक की तलाश शुरू कर दी है.
रिक्शे से उतरकर सड़क किनारे खड़ी थीं महिलाएं
परिजनों के अनुसार, बीती शाम करीब 8 बजे दोनों महिलाएं अनाज मंडी से काम खत्म करने के बाद रिक्शे में सवार होकर घर आ रही थीं. शेखपुरा पुलिया के पास पहुंचकर वे रिक्शे से उतरीं और सड़क किनारे खड़ी ही हुई थीं कि तभी सामने से आई एक तेज रफ्तार कार ने उन्हें सीधी जोरदार टक्कर मार दी. टक्कर इतनी तेज थी कि दोनों महिलाएं सड़क पर दूर जा गिरीं और गंभीर रूप से घायल हो गईं.
खून से लथपथ पड़ी थीं, अस्पताल पहुंचने पर डॉक्टरों ने घोषित किया मृत
हादसे के तुरंत बाद मौके पर आसपास के लोग एकत्रित हो गए और परिजनों को सूचना दी. परिजन जब घटना स्थल पर पहुंचे, तो दोनों महिलाएं खून से लथपथ पड़ी हुई थीं. वे आनन-फानन में दोनों को इलाज के लिए अस्पताल लेकर पहुंचे, लेकिन डॉक्टरों ने जांच के बाद उन्हें मृत घोषित कर दिया. इसके बाद घटना की सूचना स्थानीय पुलिस को दी गई.
फरार ड्राइवर की तलाश में पुलिस, खंगाले जा रहे हैं सीसीटीवी फुटेज
हादसे को अंजाम देने के बाद कार चालक वाहन समेत मौके से फरार हो गया. पुलिस ने मौके पर पहुंचकर शवों को कब्जे में लिया और पोस्टमार्टम की कार्रवाई के लिए करनाल के मॉच्युरी हाउस भिजवाया. परिजनों ने पुलिस से आरोपी ड्राइवर को जल्द गिरफ्तार कर सख्त कार्रवाई की मांग की है. पुलिस अधिकारियों का कहना है कि आसपास लगे सीसीटीवी (CCTV) कैमरों की फुटेज खंगाली जा रही है ताकि कार के नंबर और ड्राइवर की पहचान की जा सके. पोस्टमार्टम के बाद शव परिजनों को सौंप दिए जाएंगे.
Follow the LALLURAM.COM MP channel on WhatsApp
https://whatsapp.com/channel/0029Va6fzuULSmbeNxuA9j0m

