करनाल। 12वें अंतरराष्ट्रीय योग दिवस-2026 के उपलक्ष्य में सोमवार को करनाल में “योग युक्त-नशा मुक्त हरियाणा” थीम के तहत जागरूकता मैराथन का आयोजन किया गया। एनडीआरआई चौक से शुरू हुई यह मैराथन गीता द्वार पर संपन्न हुई। घरौंडा के एसडीएम राजेश सोनी ने हरी झंडी दिखाकर मैराथन को रवाना किया।

मैराथन में युवाओं, विद्यार्थियों, महिलाओं, बुजुर्गों और विभिन्न सामाजिक संगठनों के प्रतिनिधियों ने उत्साहपूर्वक भाग लिया। प्रतिभागियों ने हाथों में जागरूकता संदेशों से सजी तख्तियां लेकर योग को जीवनशैली का हिस्सा बनाने और नशे से दूर रहने का संदेश दिया।

मीडिया से बातचीत करते हुए एसडीएम राजेश सोनी ने कहा कि योग केवल शारीरिक व्यायाम नहीं, बल्कि स्वस्थ और संतुलित जीवन जीने की कला है। उन्होंने कहा कि यदि युवा पीढ़ी योग को अपनी दिनचर्या में शामिल कर ले, तो नशामुक्त समाज का सपना आसानी से साकार हो सकता है। “योग युक्त-नशा मुक्त हरियाणा” अभियान का उद्देश्य लोगों को स्वास्थ्य के प्रति जागरूक करने के साथ-साथ युवाओं को नशे जैसी सामाजिक बुराइयों से दूर रखना है।

21 जून को नई अनाज मंडी में होगा जिला स्तरीय योग समारोह

एसडीएम ने बताया कि अंतरराष्ट्रीय योग दिवस के अवसर पर 21 जून को करनाल की नई अनाज मंडी में जिला स्तरीय कार्यक्रम आयोजित किया जाएगा। सुबह 6 बजे से 8 बजे तक चलने वाले इस समारोह में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी का लाइव संबोधन भी प्रसारित किया जाएगा।

विजेताओं को प्रशंसा पत्र देकर किया सम्मानित

जिला आयुर्वेद अधिकारी डॉ. सतपाल ने बताया कि मैराथन में उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले प्रतिभागियों को प्रशंसा पत्र देकर सम्मानित किया गया। पुरुष वर्ग में लोकेश ने पहला, रोहन ने दूसरा और वंश ने तीसरा स्थान हासिल किया। वहीं महिला वर्ग में मानवी प्रथम, दीपिका द्वितीय और नैंसी तृतीय स्थान पर रहीं।

16 से 18 जून तक चलेगा योग प्रोटोकॉल प्रशिक्षण शिविर

डॉ. सतपाल ने बताया कि जिला प्रशासन और आयुष विभाग करनाल के संयुक्त तत्वावधान में 16 से 18 जून तक तीन दिवसीय योग प्रोटोकॉल प्रशिक्षण कार्यक्रम आयोजित किया जाएगा। यह प्रशिक्षण प्रतिदिन सुबह 6 बजे से 7:30 बजे तक सेक्टर-12 स्थित फव्वारा पार्क के योग शेड में होगा।

उन्होंने बताया कि इस वर्ष अंतरराष्ट्रीय योग दिवस की थीम “स्वस्थ वृद्धावस्था के लिए योग” निर्धारित की गई है। शिविर में आयुष विभाग के अनुभवी योग विशेषज्ञ सामान्य योग प्रोटोकॉल के अनुसार विभिन्न योगासन, प्राणायाम और ध्यान का अभ्यास कराएंगे, जो विशेष रूप से बढ़ती उम्र में बेहतर स्वास्थ्य बनाए रखने में सहायक होंगे। उन्होंने नागरिकों से अधिक से अधिक संख्या में प्रशिक्षण कार्यक्रम में भाग लेने की अपील की।