अरविन्द मिश्रा, बलौदाबाजार। लगातार हो रही बारिश के बीच कसडोल पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए तुरतुरिया स्थित माता गढ़ मंदिर में फंसे करीब 250 श्रद्धालुओं को सुरक्षित बाहर निकालकर मानवता और संवेदनशीलता की मिसाल पेश की। बालमदेही नदी का जलस्तर अचानक बढ़ जाने से श्रद्धालु मंदिर परिसर में ही फंस गए थे। सूचना मिलते ही पुलिस टीम मौके पर पहुंची और सभी को सुरक्षित बाहर निकालकर उनके घर रवाना किया।

narayana

जानकारी के अनुसार, कसडोल विकासखंड के ग्राम तुरतुरिया स्थित पहाड़ी पर माता गढ़ मंदिर है, जहां प्रतिदिन बड़ी संख्या में श्रद्धालु संतान प्राप्ति, परिवार की सुख-समृद्धि और खुशहाली की कामना लेकर दर्शन के लिए पहुंचते हैं। मंदिर तक पहुंचने के लिए श्रद्धालुओं को बालमदेही नदी पार करनी पड़ती है।

अचानक बढ़ा नदी का जलस्तर, मंदिर में फंस गए श्रद्धालु

रविवार को भी सैकड़ों श्रद्धालु नदी पार कर माता गढ़ मंदिर पहुंचे थे। इसी दौरान लगातार बारिश के कारण बालमदेही नदी का जलस्तर तेजी से बढ़ गया और नदी का बहाव भी तेज हो गया। इससे करीब 250 श्रद्धालु मंदिर परिसर में ही फंस गए और वापस लौटना उनके लिए मुश्किल हो गया।

सूचना मिलते ही पुलिस ने शुरू किया रेस्क्यू

घटना की जानकारी मिलते ही कसडोल थाना प्रभारी प्रवीण मिंज ने तत्काल पुलिस अधीक्षक ओ.पी. शर्मा को अवगत कराया। वरिष्ठ अधिकारियों के निर्देश पर पुलिस टीम तत्काल मौके पर पहुंची और हालात का जायजा लिया।

पुलिस ने नदी पार कराने का जोखिम उठाने के बजाय श्रद्धालुओं को पहाड़ी के दूसरे सुरक्षित रास्ते से निकालने की योजना बनाई। पुलिस जवानों ने कठिन परिस्थितियों के बीच सभी श्रद्धालुओं को सुरक्षित बाहर निकाला और बाद में उनके घर पहुंचने के लिए वाहनों की भी व्यवस्था कराई।

सभी श्रद्धालु सुरक्षित

थाना प्रभारी प्रवीण मिंज ने बताया कि सूचना मिलते ही पुलिस टीम तत्काल मौके पर पहुंची और सभी श्रद्धालुओं को सुरक्षित रेस्क्यू कर लिया गया। उन्होंने बताया कि सभी श्रद्धालु सुरक्षित हैं तथा शेष लोगों को भी सुरक्षित उनके गंतव्य तक पहुंचाने के लिए वाहनों की व्यवस्था की गई। पुलिस की इस त्वरित और मानवीय कार्रवाई की स्थानीय लोगों और श्रद्धालुओं ने सराहना की है।

Lalluram.Com के व्हाट्सएप चैनल को Follow करना न भूलें.
https://whatsapp.com/channel/0029Va9ikmL6RGJ8hkYEFC2H