काशीपुर में संजीव कुमार की हत्या के आरोप में उसकी पत्नी निशा को गिरफ्तार कर जेल भेजा गया है. माता-पिता के दूर होने के बाद तीन साल की बच्ची की देखरेख अब उसकी बुआ कर रही है.
काशीपुर. बाजावाला निवासी संजीव कुमार की हत्या के मामले में उसकी पत्नी निशा को पुलिस ने गिरफ्तार कर जेल भेज दिया है. पुलिस की जांच में सामने आया कि हत्या की वारदात कथित प्रेम-प्रसंग के चलते सुनियोजित तरीके से अंजाम दी गई थी. मामले में दो किशोरों को भी हिरासत में लिया गया था, जिन्हें अदालत के आदेश पर सुधार गृह भेजा गया है.
प्रेम विवाह के बाद बदली जिंदगी
निशा ने करीब पांच साल पहले परिवार की इच्छा के खिलाफ जाकर संजीव कुमार से प्रेम विवाह किया था. शुरुआत में दोनों की गृहस्थी ठीक चल रही थी, लेकिन बाद में संजीव की दुकान पर काम करने वाले एक किशोर से निशा के संबंध होने की बात सामने आई.
पुलिस जांच के अनुसार, इसी प्रेम-प्रसंग के चलते संजीव की हत्या की साजिश रची गई. वारदात के बाद पुलिस ने निशा और दो किशोरों को हिरासत में लिया था.
बच्ची की जिम्मेदारी
संजीव और निशा की तीन साल की बेटी अब माता-पिता दोनों के स्नेह से वंचित हो गई है. संजीव के माता-पिता पहले ही गुजर चुके हैं, जबकि निशा के मायके से भी अब तक कोई सामने नहीं आया है.
ऐसे में बच्ची की देखभाल की जिम्मेदारी उसकी छोटी बुआ आरती ने संभालने का फैसला किया है. परिवार के अनुसार, आरती अब अपनी तीन साल की भतीजी के पालन-पोषण और भविष्य की जिम्मेदारी उठाएगी.
परिवार पर टूटा दुख
संजीव की बड़ी बहन आरती भी बच्ची की देखभाल में अपना योगदान देगी. गांव के लोग और संजीव के ताऊ का परिवार भी इस मुश्किल समय में बच्ची के साथ खड़ा है.
फिलहाल तीन साल की मासूम अपनी बुआ के संरक्षण में है. संजीव की हत्या और निशा के जेल जाने के बाद परिवार में गहरा शोक है.

