मोहाली. जम्मू-कश्मीर में हाल ही में हुए आतंकी हमले के बाद लोगों में गुस्सा है। इस बीच, कुछ लोग कश्मीरी छात्रों को निशाना बनाकर माहौल खराब करने की कोशिश कर रहे हैं और उन्हें हमले के लिए जिम्मेदार ठहरा रहे हैं। पंजाब के मोहाली के खरड़ इलाके में कुछ कश्मीरी छात्राओं को ऐसी ही परेशानी का सामना करना पड़ा।
एनएसयूआई पंजाब के अध्यक्ष ईशरप्रीत सिंह ने प्रभावित छात्रा से मुलाकात की। छात्रा ने बताया कि हमले के बाद से माहौल बदल गया है। जिस यूनिवर्सिटी में वह पढ़ती है, वहां स्थानीय लोग उनके साथ बदसलूकी कर रहे हैं। एक घटना में, जब वह अपने कमरे में पहुंची, तो कुछ स्थानीय लोगों ने उसके कमरे का दरवाजा खटखटाना शुरू कर दिया और दरवाजा खोलने को कहा। दरवाजा खोलने पर उन्होंने उसे आतंकी हमले के लिए जिम्मेदार ठहराते हुए ‘आतंकवादी’ कहना शुरू कर दिया। इतना ही नहीं, उन्होंने उसकी एक सहेली का हाथ पकड़कर मारपीट की और उसके बाल खींचे। डर के मारे छात्राओं ने अपने संगठनों से संपर्क किया।
पुलिस हो गई एक्टिव
मामला सामने आने के बाद मोहाली पुलिस सक्रिय हो गई। वरिष्ठ पुलिस अधिकारियों ने छात्राओं से मुलाकात कर उन्हें आश्वासन दिया कि उन्हें किसी भी तरह की परेशानी नहीं होने दी जाएगी। मोहाली के एसएसपी दीपक पारीक ने बताया कि जिले के सभी कॉलेजों और यूनिवर्सिटियों के छात्रों व प्रबंधन से संपर्क किया गया है और उनकी सुरक्षा का भरोसा दिलाया गया है।

पुलिस ने सभी कैंपस का दौरा किया है और कैंपस के अंदर व आसपास पीसीआर वाहन तैनात किए गए हैं। अन्य राज्यों के छात्रों के लिए हॉस्टल और निजी पीजी क्षेत्रों में पुलिस गश्त बढ़ा दी गई है। संयुक्त व्हाट्सएप ग्रुप बनाए गए हैं, ताकि छात्र 24×7 उपलब्ध 112 हेल्पलाइन के अलावा किसी भी घटना की तुरंत सूचना दे सकें। एसएसपी ने साफ कहा कि किसी को भी कानून अपने हाथ में लेने की इजाजत नहीं दी जाएगी।
- श्री सीमेंट को रेलवे कनेक्टिविटी देने के लिए भूमि अधिग्रहण का मामला, किसानों की याचिकाएं हाईकोर्ट से खारिज
- भोपाल के ISBT पर तीसरी आंख का पहरा: करोड़ों की ड्रग्स बरामदगी के बाद सुरक्षा मजबूत, जनसहयोग से लगे 10 CCTV कैमरे
- लखनऊ MLC चुनाव परिणाम में BJP को झटका, सपा ने मारी बाजी, 11 में 9 सीटों के रिजल्ट घोषित, भाजपा के खाते में 5 सीट
- स्कूल में लापरवाही पर सख्त एक्शन, DEO ने प्रधानपाठक समेत 5 शिक्षकों को जारी किया शो-कॉज नोटिस
- कपूरथला में CIA स्टाफ की बड़ी कार्रवाई, अवैध हथियारों के साथ 3 हिस्ट्रीशीटर गिरफ्तार; मुख्य आरोपी पर 16 केस दर्ज
