​कटिहार/सुमंत शर्मा। कटिहार जिले के कोढ़ा थाना क्षेत्र के जुराबगंज के पास शनिवार तड़के एक भीषण सड़क हादसे में मजदूरों से भरी एक बस अनियंत्रित होकर पलट गई। इस दर्दनाक दुर्घटना में करीब 25 मजदूर घायल हुए हैं जिनमें से 15 की हालत गंभीर बनी हुई है।

​कार को बचाने के चक्कर में हुआ हादसा

​प्राप्त जानकारी के अनुसार बस में 60 से 70 मजदूर सवार थे। ये सभी मजदूर नवादा जिले के एक ईंट भट्ठे पर काम पूरा करने के बाद अपने घर पश्चिम बंगाल के कूचबिहार लौट रहे थे। शनिवार अहले सुबह करीब तीन बजे जब बस जुराबगंज के समीप पहुंची तभी सामने से आ रही एक अनियंत्रित कार ने बस को टक्कर मार दी। बस चालक ने बताया कि कार को बचाने के चक्कर में उन्होंने वाहन पर से नियंत्रण खो दिया, जिसके कारण बस पलट गई।

​स्थानीय लोगों की मदद से शुरू हुआ रेस्क्यू

​हादसे के बाद मौके पर चीख-पुकार मच गई और अफरा-तफरी का माहौल हो गया। घटना की सूचना मिलते ही स्थानीय ग्रामीण घटनास्थल पर पहुंचे और राहत कार्य शुरू किया। ग्रामीणों ने समय रहते बस में फंसे मजदूरों को बाहर निकाला। थोड़ी ही देर में पुलिस और एम्बुलेंस भी मौके पर पहुंच गई और घायलों को तुरंत कोढ़ा प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र पहुंचाया गया।

​15 घायल पूर्णिया रेफर

​कोढ़ा प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र के चिकित्सक डॉ. विनीत कुमार ने बताया कि अस्पताल में 25 घायल मजदूर भर्ती किए गए थे। सभी घायलों का तत्काल प्राथमिक उपचार किया गया। उन्होंने बताया कि 10 मजदूरों को मामूली चोटें आई थीं, लेकिन 15 अन्य की स्थिति नाजुक होने के कारण उन्हें बेहतर इलाज के लिए पूर्णिया हायर सेंटर रेफर कर दिया गया है।

​पुलिस कर रही मामले की जांच

​घायल मजदूरों आजाद और तमिजुल ने बताया कि वे सभी नवादा के बसलीगंज ईंट भट्ठा से काम खत्म कर घर लौट रहे थे, तभी यह हादसा हुआ। कोढ़ा पुलिस ने बस को अपने कब्जे में ले लिया है। थानाध्यक्ष ने बताया कि घटना के कारणों की विस्तृत जांच की जा रही है और फरार कार चालक का पता लगाने का प्रयास जारी है। इस दुर्घटना ने एक बार फिर रात के समय राजमार्गों पर होने वाली लापरवाही और सुरक्षा पर सवाल खड़े कर दिए हैं।