अनूप दुबे, ढीमरखेड़ा (कटनी) मध्यप्रदेश के कटनी जिले की जनपद पंचायत ढीमरखेड़ा अंतर्गत आने वाली ग्राम पंचायत कटरिया में सड़कों की बदहाली ने ग्रामीणों का जीना मुहाल कर दिया है। गांव के अंदर और बाहर की मुख्य सड़कें पूरी तरह खस्ताहाल हो चुकी हैं, जिससे ग्रामीणों को आवागमन में भारी परेशानियों का सामना करना पड़ रहा है।
मंदिर और मस्जिद जाने वाला रास्ता हुआ जर्जर
ग्रामीणों ने बताया कि गांव के अंदर स्थित श्रीराम मंदिर और मस्जिद की ओर जाने वाला मुख्य मार्ग पूरी तरह से जर्जर हो चुका है। नल जल योजना के तहत ठेकेदार द्वारा गांव की सड़कों की खुदाई की गई थी, लेकिन काम खत्म होने के बाद सड़कों का सुधार सही ढंग से नहीं किया गया। नतीजा यह हुआ कि अब यह मार्ग गड्ढों में तब्दील हो चुका है।
वार्ड 5 और 6 में बना दलदल
गांव के वार्ड नंबर 5 और 6 में स्थिति सबसे ज्यादा गंभीर है। यहां की कच्ची सड़क बारिश के मौसम में कीचड़ और दलदल में तब्दील हो जाती है। सैकड़ों ग्रामीण रोजाना मजबूरी में इसी कीचड़ भरे रास्ते से गुजरने को विवश हैं।
ग्रामीणों ने आरोप लगाते हुए कहा कि इस मार्ग के निर्माण के लिए स्वीकृत राशि ग्राम पंचायत द्वारा निकाल ली गई है, लेकिन धरातल पर सड़क का निर्माण कार्य नहीं कराया गया। परेशान ग्रामीणों ने शासन-प्रशासन से जल्द से जल्द सड़कों की मरम्मत और निर्माण कराने की गुहार लगाई है।
विधायक धीरेंद्र बहादुर सिंह का आश्वासन
इस गंभीर समस्या के संबंध में जब बड़वारा विधायक धीरेंद्र बहादुर सिंह से चर्चा की गई, तो उन्होंने ग्रामीणों की समस्या को प्राथमिकता से लेते हुए आश्वस्त किया कि वे संबंधित विभाग के अधिकारियों से तत्काल बातचीत करेंगे और गांव की सड़कों के सुधार व निर्माण कार्य को जल्द से जल्द पूरा कराएंगे।
Follow the LALLURAM.COM MP channel on WhatsApp
https://whatsapp.com/channel/0029Va6fzuULSmbeNxuA9j0m



