अनूप दुबे, कटनी (ढीमरखेड़ा)। मध्य प्रदेश के कटनी जिले से भ्रष्टाचार का एक सनसनीखेज और शर्मनाक मामला सामने आया है। ढीमरखेड़ा तहसील क्षेत्र में जमीन का पट्टा बनवाने के नाम पर महिला पटवारी शहर बानो ने एक गरीब ग्रामीण से 1 लाख 40 हजार रुपये की भारी-भरकम रिश्वत ऐंठ ली। 9 महीने तक चक्कर कटवाने के बाद भी जब काम नहीं हुआ, तो पीड़ित ने घूसखोरी का वीडियो बनाकर अधिकारियों को सौंप दिया। लल्लूराम डॉट कॉम को मिली एक्सक्लूसिव जानकारी के अनुसार, घूस का वीडियो सामने आते ही एसडीएम ने महिला पटवारी को तत्काल प्रभाव से निलंबित कर दिया है।
पट्टा बनाने का झांसा देकर 3 किस्तों में वसूले 1.40 लाख रुपये
मामला ढीमरखेड़ा तहसील के ग्राम हर्रई का है। गांव के निवासी ज्ञान सिंह पिता इंदर सिंह ने एसडीएम को सौंपी लिखित शिकायत में बताया कि उनके स्वामित्व वाली खसरा नंबर 15, रकबा 2 एकड़ 70 डिसमिल जमीन का पट्टा बनवाने के लिए पटवारी शहर बानो ने झांसा देकर 9 महीने पहले तीन अलग-अलग किस्तों में कुल 1,40,000 रुपये वसूले थे।
पैसे लेने के बाद भी जब महीनों पट्टा नहीं बना और पटवारी लगातार टालमटोल करती रही, तो पीड़ित ज्ञान सिंह ने रिश्वत के लेनदेन का एक वीडियो बना लिया।
वीडियो से खुली पोल, हुई सस्पेंड
पीड़ित ने जब सबूत के तौर पर लेनदेन का यह वीडियो एसडीएम के सामने पेश किया, तो प्रशासन में हड़कंप मच गया। एसडीएम ने मामले को गंभीरता से लेते हुए पटवारी शहर बानो को तुरंत सस्पेंड कर दिया।
‘पैसे वापस नहीं मिले तो परिवार सहित कर लूंगा आत्मदाह’
पटवारी पर निलंबन की कार्रवाई होने के बावजूद पीड़ित ज्ञान सिंह की गाढ़ी कमाई के पैसे अब तक वापस नहीं मिल सके हैं।
पीड़ित ज्ञान सिंह ने बताया कि अधिकारियों ने भरोसा दिलाया था कि पटवारी से मेरे पूरे पैसे वापस कराए जाएंगे। लेकिन आज तहसील दफ्तर पहुंचने पर कोई सुनवाई नहीं हुई। थक-हारकर मैंने सीएम हेल्पलाइन में शिकायत दर्ज कराई है। अगर मेरे 1 लाख 40 हजार रुपये जल्द वापस नहीं कराए गए तो मैं अपने पूरे परिवार के साथ तहसील कार्यालय के सामने आत्मदाह कर लूंगा।

जांच जारी, पैसे वापस कराने का प्रयास जारी- तहसीलदार
मामले पर तहसीलदार नितिन पटेल ने बताया कि पटवारी के खिलाफ रिश्वतखोरी का वीडियो और लिखित शिकायत मिली थी, जिसके आधार पर उन्हें तत्काल निलंबित कर दिया गया है। पीड़ित की राशि के संबंध में पटवारी से पूछताछ की जा रही है और पीड़ित पक्ष को उनके पूरे पैसे वापस दिलवाने का प्रयास किया जा रहा है। मामले की निष्पक्ष जांच जारी है।

Follow the LALLURAM.COM MP channel on WhatsApp
https://whatsapp.com/channel/0029Va6fzuULSmbeNxuA9j0m


