अनूप दुबे, ​कटनी। मध्य प्रदेश के कटनी में एक तेंदुए का शव मिला है। तारों में फंसने से मौत की आशंका जताई जा रही है। वहीं एक गांव में आकाशीय बिजली की चपेट में आने से 8 बकरियों की मौत हो गई। जबकि चरवाहा गंभीर रूप से झुल गया है।

तेंदुए का शव मिलने से हड़कंप

कटनी के रीठी तहसील क्षेत्र के देवरी गांव में खेत के पास तेंदुए का शव मिलने से हड़कंप मच गया। ग्रामीणों की सूचना पर वन विभाग की टीम मौके पर पहुंची और शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम कराया। प्रथम दृष्टया तेंदुए के तारों में फंसने से मौत की आशंका जताई जा रही है। वन विभाग यह भी जांच कर रहा है कि खेत के आसपास लगाए गए तार कहीं वन्यप्राणी के शिकार के लिए तो नहीं लगाए गए थे। रीठी वन परिक्षेत्र के एसडीओ और आईएफएस अधिकारी कार्तिकेय भट्ट ने बताया कि पोस्टमार्टम कराया गया है। तेंदुए की मौत के वास्तविक कारणों की जांच की जा रही है।

आकाशीय बिजली गिरने से 8 बकरियों की मौत

इधर, बड़वारा थाना क्षेत्र अंतर्गत नन्हवारा सेझा ग्राम के जंगल में गुरुवार शाम एक दर्दनाक हादसा हो गया। जानकारी के अनुसार, नन्हवारा सेझा निवासी राजेंद्र बर्मन (50 वर्ष), पिता ईश्वर बर्मन, जंगल में अपनी बकरियां चरा रहे थे। शाम के समय अचानक मौसम का मिजाज बदला और रिमझिम बारिश शुरू हो गई। बारिश से बचने के लिए राजेंद्र बर्मन अपनी बकरियों को लेकर पास स्थित एक महुआ के पेड़ के नीचे खड़े हो गए। इसी दौरान तेज गर्जना के साथ महुआ के पेड़ पर ही आकाशीय बिजली आ गिरी।

ये भी पढ़ें: सड़क किनारे दिखा बाघ: ग्रामीणों में दहशत का माहौल, बरही वन क्षेत्र में वन विभाग ने बढ़ाई गश्त

​बिजली गिरते ही महुआ के पेड़ के नीचे बैठी आठों बकरियों ने तड़प-तड़पकर मौके पर ही दम तोड़ दिया, जबकि राजेंद्र बर्मन आकाशीय बिजली के झटके और ताप से बुरी तरह झुलस गए। अस्पताल में भर्ती घटना के समय आसपास के खेतों में काम कर रहे ग्रामीणों ने जब तेज धमाका सुना और मौके पर पहुंचे, तो वहां का दृश्य विचलित करने वाला था। ग्रामीणों ने बिना देर किए घटना की सूचना बड़वारा पुलिस और डायल 112 को दी।

मुआवजे की मांग

सूचना मिलते ही डायल 112 की टीम तत्काल मौके पर पहुंची और घायल राजेंद्र बर्मन को बड़वारा सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र पहुंचाया, जहां उनका इलाज जारी है। ग्रामीणों ने बताया कि मृत सभी आठ बकरियां घायल राजेंद्र बर्मन की ही थीं। इस घटना से पीड़ित पशुपालक को काफी आर्थिक नुकसान हुआ है। घटना की सूचना मिलने के बाद बड़वारा पुलिस ने मौके पर पहुंचकर पंचनामा तैयार किया और अग्रिम वैधानिक कार्रवाई शुरू कर दी है। स्थानीय ग्रामीणों ने प्रशासन से पीड़ित चरवाहे के इलाज और मृत मवेशियों के मुआवजे की मांग की है।

Follow the LALLURAM.COM MP channel on WhatsApp
https://whatsapp.com/channel/0029Va6fzuULSmbeNxuA9j0m