अनूप दुबे, कटनी। Lokayukta Arrested Patwari: मध्य प्रदेश के कटनी में लोकायुक्त ने भ्रष्टाचार के खिलाफ बड़ी कार्रवाई की है। किसान से जमीन के सीमांकन के एवज में रिश्वत की मांग करने वाले पटवारी प्रकाश मेहरा को 5 हजार रुपए लेते रंगे हाथ दबोचा है। मामला स्लीमनाबाद तहसील के ग्राम कौड़िया का है।
शिकायतकर्ता शिव कुमार जायसवाल ने बताया कि वह अपनी जमीन का सीमांकन करना चाहता था। लेकिन दफ्तरों के चक्कर काटकर वह थक चुका था। उसने पटवारी प्रकाश मेहरा से 4 बार सीमांकन कराया लेकिन उससे हर बार पैसों की डिमांड की जा रही थी। जिसके बाद किसान ने 5 हजार रुपए में पटवारी को सीमांकन करने के लिए राजी कर लिया। दूसरी तरफ उसने लोकायुक्त में उसके खिलाफ शिकायत दर्ज कर दी।
लोकायुक्त ने शिकायत पर जांच कराई जिसकी सत्यता सही पाने पर मंगलवार को पटवारी को दबोचने के लिए प्लान तैयारत किया गया। टीम ने पीड़ित को रंग लगे नोट के 5 हजार रुपए थमाए और रिश्वतखोर पटवारी को देने के लिए कहा। जैसे ही पटवारी ने पैसे लिए, टीम ने उसे रंगे हाथ गिरफ्तार कर लिया।
लोकायुक्त की इस कार्रवाई से जिले के भ्रष्ट अफसर खौफ में हैं। वहीं स्लीमनाबाद तहसील परिसर और राजस्व अमले में हड़कंप मच गया है। कार्रवाई के बाद लोकायुक्त की टीम आरोपी पटवारी को हिरासत में लेकर पूछताछ कर रही है।

